सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी बंदी की हार्ट अटैक से मौत
सिकंदराबाद। सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में जिला कारागार में बंद बंदी की सोमवार की सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद जेल प्रशासन ने मृतक के शव को परिजनों के सपुर्द कर दिया।
जेल अधीक्षक ओपी कटियार ने बताया कि गांव मोहम्मदपुर उर्फ महमदपुर थाना डिबाई निवासी ओमशंकर (32वर्ष) दुष्कर्म के आरोप में 4 अक्तूबर 2016 से जिला कारागार में बंद था। सोमवार की सुबह करीब 7.30 बजे उसे अचानक सीने में दर्द की शिकायत हुई। ओमशंकर को उपचार के लिए जिला कारागार के अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर 9.12 बजे उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। बताया कि करीब 9.45 बजे ओमशंकर को उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने 9.48 बजे उसे मृत घोषित कर दिया। जेल अधीक्षक ने बताया कि चिकित्सकों को मुताबिक बंदी ओमशंकर की मौत हार्टअटैक से हुई है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद ओमशंकर के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।