ड्यूटी से लौट रही महिला के साथ दुष्कर्म की कोशिश
चोला। ड्यूटी से लौट रही महिला को झांसे में लेकर बाइक सवार ने उसे जंगल में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट की। शोर की आवाज सुनकर पहुंचे अन्य राहगीरों ने महिला की जान बचाई। आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोपी, महिला के ही बिरादरी का होने के कारण दो दिनों तक समझौता का प्रयास चलता रहा। लेकिन पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
खुर्जा देहात चौकी क्षेत्र के गांव निवासी महिला ने बताया कि वह नोएडा में प्राइवेट नौकरी कर अपने बच्चों का पालन पोषण करती हैं। सुबह छह बजे गांगरौल हाल्ट से ट्रेन पकड़ती हैं। और शाम को आठ बजे वापस लौटती हैं। बताया कि सोमवार को वह रात आठ बजे गांगरौल हाल्ट पर ट्रेन से उतरी। जब वह घर के लिए जा रही थी। रास्ते में उसे उसकी बिरादरी का ही पड़ोसी गांव का युवक मिला। उसने खुद को उसका रिश्तेदार बताते हुए उसके गांव जाने की बात कही। और अपनी बाइक पर बैठा लिया। बताया कि कुछ दूरी पर चलने के बाद उसने बाइक को गांव के जाने वाले रास्ते के बजाए जंगल की तरफ मोड़ दिया। उसके बार-बार कहने पर भी उसने बाइक को नहीं रोका। जंगल में ले जाकर उसने उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने उसके साथ मारपीट करते हुए उसके कपड़े फाड़ डाले। बताया कि शोर की आवाज सुनकर अपने घरों को लौट रहे अन्य राहगीर मौके पर पहुंच गए। राहगीरों के पहुंचने पर आरोपी फरार हो गया। बताया गया कि आरोपी और पीड़िता के एक ही बिरादारी को होने के कारण दो दिन तक पीड़िता पर फैसले के लिए दबाव बनाया गया। मगर पीड़िता ने किसी भी दबाव के आगे झुकने से इनकार कर दिया और आरोपी के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। चौकी प्रभारी आनंदवीर सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।