पत्नी को भेजने की एवज में पांच लाख रुपये मांगने का लगाया आरोप
ककोड़। युवक ने पत्नी को भेजने की एवज में ससुरालियों पर पांच लाख रुपये मांगने और उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
नगर की टीचर्स कालोनी निवासी उमर मोहम्मद ने बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करता हैं। उसकी शादी 14 जनवरी 2018 में शिकारपुर निवासी युवती के साथ हुई थी। बताया कि शादी के बाद वह केवल तीन चार माह उसके साथ रही। और फिर मायके चली गई। इसी दौरान उसके बड़े साले ने कारोबार करने के लिए उससे ढाई लाख रुपये कई बार में अपने दोस्तों के खाते में ट्रांसफर करा लिए। बताया कि उसने पत्नी को भेजने के लिए कहा तो ससुरालियों ने ढाई लाख रूपये की ओर मांग की। तगादा करने पर उन्होंने उसे बहाने से घर बुलाकर बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट भी की। बताया कि ससुरालियों के उत्पीड़न के चलते वह मानसिक तनाव में है। निरीक्षक दुर्गेश कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने पर जांच कर जांच के आधार के पर कार्रवाई की जाएगी।