हड़ताल पर मंडी व्यापारी, बाजार से सब्जी गायब
सिकंदराबाद। मंडी को ऑनलाइन किए जाने के विरोध में व्यापारियों की हड़ताल का फुटकर दुकानदारों पर भी प्रभाव पड़ने लगा है। हड़ताल के चलते सामान नहीं मिलने के कारण फुटकर की दुकानें भी बंद हो रही है। फुटकर दुकानों के बंद होने से लोगों को सब्जी आदि नहीं मिल पा रही है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मंडियों को ऑनलाइन किए जाने के सरकार के फैसले के विरोध में अनाज, फल एवं सब्जी मंडी के व्यापारी मंगलवार से तीन दिन की हड़ताल पर हैं। फल एवं सब्जी मंडी में हड़ताल के चलते फुटकर विक्रेताओं को सामान नहीं मिल पा रहा है। नगर स्थित सब्जी मंडी के व्यापारियों को सब्जी नहीं मिलने के कारण बुधवार को नगर की सब्जी मंडी बंद रही। सब्जी मंडी के बंद होने से बच्चों ने दिनभर सब्जी मंडी में क्रिकेट का मचा लिया। वही सब्जी नहीं मिलने से नगर के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सब्जी खरीदने के लिए मंडी पहुंच रहे लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा। यदि व्यापारी की हड़ताल आगे बढ़ती है तो फल के फुटकर व्यापारियों के सामने भी सब्जी के फुटकर व्यापारियों की तरह संकट छा सकता है। फल नहीं मिलने की सूरत में उन्हें अपनी दुकानें बंद करनी पड़ सकती हैं। नवरात्र के सीजन में फल के फुटकर व्यापारियों की दुकानें बंद होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बुधवार को फल एवं सब्जी मंडी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मंडी में प्रदर्शन कर विरोध जताया। सचिव अनिल कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को फल एवं सब्जी मंडी के सभी व्यापारी मंडी में धरना देंगे और मंडी सचिव को अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपेंगे।