शराब पिलाकर मामी के बनाए अश्लील फोटो, किया वायरल
ककोड़ । भांजे ने मामा, मामी को शराब पिलाकर मामी के साथ अश्लील फोटो बना ली। बदनाम करने के लिए फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़िता के पिता ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है।
थाना में तहरीर देते हुए पीड़िता के पिता ने बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवक के साथ की थी। बताया कि तीन दिन पूर्व उसके दामाद का भांजा घर पर आया। भांजे ने अपने मामा के साथ बैठकर शराब पी। उसने उसकी बेटी को भी शराब पिला दी। बताया कि शराब पिलाने के बाद भांजे ने उसकी बेटी के साथ अश्लील फोटो बनाए और बदनाम करने के लिए फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
पशु चोरी कर ले जा रहे चोरों को ग्रामीणों ने खदेड़ा
औरंगाबाद। थाना क्षेत्र के गांव तौमड़ी निवासी रामप्रकाश उर्फ रामू के अहाते की दीवार फांदकर पशु चोर अंदर घुस गए। पशु चोर एक पशु को चोरी कर ले जाने लगे। पशु चोरी होने की आहट पर परिजन जाग पड़े। परिजनों ने शोर मचा दिया शोर सुन ग्रामीण घटना स्थल की तरफ दौड़ पड़े। गांव से मात्र 100 मीटर की दूरी पर स्थित रजवाहे की पटरी पर किसी चौपहिया वाहन की आवाज आने पर ग्रामीण रजवाहे की तरफ दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आते देख पशु चोर पशु को छोड़ अपने वाहन को लेकर भाग गए। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी लेकिन सूचना देने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। बाद में ग्रामीण चोरी किए गए पशु को लेकर गांव लौट आए।
कार से चोरी करते हुए सीसीटीवी में कैद हुए चोर
औरंगाबाद। मोहल्ला देहली दरवाजा में बृहस्पतिवार रात घर के बाहर खड़ी कार से अज्ञात चोर हजारों का सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित ने अज्ञात चोर के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। मोहल्ला देहली दरवाजा निवासी मोहम्मद आरिफ पुत्र खलील के घर के बाहर कार खड़ी थी। रात के समय चोर कार का शीशा तोड़कर उसके अंदर रखी स्टेपनी व अन्य सामान चुरा ले गए। दूसरी घटना नई बस्ती निवासी जफर पुत्र अख्तर अल्वी के ट्रैक्टर से बैट्रा चोरी कर ले गये। पीड़ित ने बताया कि अज्ञात चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। चोर कार में सवार होकर आए थे।
अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
स्याना। बीती शाम मांकड़ी स्थित नहर पटरी के किनारे पुलिस ने एक अवैध शराब के तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। जिसके पास 30 अवैध शराब के पव्वे बरामद हुए। जानकारी के अनुसार बीती शाम सराय चौकी प्रभारी सुभाषचंद गश्त कर रहे थे। इसी दौरान नहर पटरी के किनारे ग्राम मांकड़ी निवासी अमर सिंह को अवैध शराब के साथ मौके पर पकड़ा गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर भेजा जेल
सिकंदराबाद । दहेज की खातिर परिवार के लोगों के साथ मिलकर पत्नी की हत्या के आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
ग्राम झालडा थाना दनकौर गौतमबुद्धनगर निवासी ऋषिपाल पुत्र स्वर्गीय लखपत सिंह ने तहरीर देते हुए बताया था कि जून 2010 में उन्होंने अपनी बेटी पिंकी की शादी सिकंदराबाद के औद्योगिक क्षेत्र गांव तिल डेयरी निवासी तनुज पुत्र विजय के साथ की थी। दहेज में पांच लाख की मांग पूरी नहीं होने पर तनुज ने 22 अगस्त को परिवार के लोगों के साथ मिलकर पिंकी की हत्या कर दी थी। पुलिस ने मामले में पति, सास, ससुर, जेठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। निरीक्षक सतीश अवाना ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर आरोपी पति को गांव से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस दबिश दे रही हैं।
सस्ता मकान दिलाने के नाम पर एक लाख ठगे
खुर्जा। सस्ता मकान दिलाने के नाम पर तीन लोगों ने एक व्यक्ति से एक लाख रुपये ठग लिए। मामले में पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की है। जेवर के सिकंदराबाद मार्ग निवासी सोनवीर उर्फ सोनू पुत्र हेम सिंह के मुताबिक 22 जुलाई को खुर्जा में तीन व्यक्तियों से उनकी मुलाकात हुई थी। उन्होंने मकान सस्ता दिलाने की बात की। उन लोगों ने सोनवीर को किला मार्ग पर खाली पड़ा एक मकान दिखाया, जो 17 लाख रुपये में दिलवाने की बात कही। इसके लिए एक लाख रुपये एडवांस की मांग की। 30 जुलाई को सोनू ने एक लाख रुपये उन्हें दे दिए। आरोपियों ने अगस्त माह के प्रथम सप्ताह में बैनामा कराने की बात कही थी। उसके बाद से आरोपियों का मोबाइल नंबर बंद आ रहा है। काफी तलाश के बाद जब तीनों नहीं मिले तो बृहस्पतिवार को पीड़ित ने पुलिस में तहरीर दी है।