सड़कों पर भरा पानी, मुश्किल में लोग
सिकंदराबाद। बारिश से नगर के गली मोहल्लों और सड़कों पर जलभराव हो गया। इसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव को लेकर लोगों में पालिका के खिलाफ रोष दिखाई दिया।
शनिवार शाम से शुरू हुई बूंदाबांदी रविवार सुबह 11 बजे तक जारी रही। बारिश से जहां लोगों को राहत मिली, वहीं जलभराव के कारण परेशानी का भी सामना करना पड़ा। बारिश के कारण नगर के मोहल्ला छासियावाड़ा, गद्दीवाड़ा, खत्रीवाड़ा, बड़ा बाजार, सराय झाझन समेत अधिकांश मोहल्लों में जलभराव हो गया। मोहल्ले के रास्ते, नगर की सड़कों ने तालाब की शक्ल ले ली। जलभराव का आलम यह था कई स्थानों पर लोगों के घरों में पानी घुस गया। जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश रुकने के बाद ही लोगों को राहत मिली। जलभराव को लेकर नगरवासियों में पालिका के खिलाफ रोष दिखाई दिया। सफाई निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि सभी नालों की बरसात से पहले सफाई करवा दी गई थी। अधिक बारिश के कारण कुछ समय के लिए जलभराव हो गया था।