शौचालय निर्माण में लापरवाही बरतने पर एडीओ पंचायत निलंबित
बुलंदशहर। अनियमितता के आरोप में एडीओ पंचायत निलंबित हो गए हैं। उन्हें पंचायती राज विभाग के निदेेशक के आदेश पर निलंबित किया गया है। डीपीआरओ ने बताया कि सामुदायिक शौचालय निर्माण और अन्य विकास कार्यों में लापरवाही सामने आने पर यह कार्रवाई की गई है।
जिला पंचायती राज अधिकारी नन्दलाल ने बताया कि शनिवार को पंचायती राज विभाग के निदेशक ने जिले में चल रहे सामुदायिक शौचालय निर्माण और अन्य विकास कार्यों की ऑनलाइन समीक्षा की थी। उन्होंने बताया कि इस तरह की समीक्षा समय-समय पर होती रहती है। इसके माध्यम से जनपद में चल रहे सामुदायिक शौचालय, पंचायत भवन निर्माण और अन्य विकास कार्यों की प्रगति आदि की जानकारी ली जाती है। इस दौरान एडीओ पंचायत जहांगीराबाद की शौचालय निर्माण और अन्य विकास कार्यों में अनियमितता बरतने के साथ लापरवाही सामने आई थी। इस पर पंचायती राज निदेशक ने एडीओ पंचायत जहांगीराबाद राज कुंवर को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए थे। इस पर अब मेरी ओर से एडीओ पंचायत को निलंबित करने की कार्रवाई की जा चुकी है। साथ ही एडीओ पंचायत की आगामी जांच के भी आदेश जारी कर दिए गए हैं।