जीत पर निकाला विजय जुलूस तो खानी पड़ेगी जेल की हवा
बुलंदशहर। जनपद में दो मई को मतगणना कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच होगी। इसके लिए जनपद के सभी 16 ब्लॉकों पर तैयारी तेज हो गई है। दो मई की शाम तक पंचायत चुनाव के सभी प्रत्याशी पदों के परिणाम आ जाएंगे। खास बात यह है कि जीत पर यदि किसी ने विजयी जुलूस निकाला तो उसे जेल की हवा खानी पड़ेगी। कोरोना गाइडलाइन के तहत इस दिन विजय जुलूस निकालने पर पाबंदी है।
जनपद में पंचायत चुनाव के लिए 29 अप्रैल को वोटिंग की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जनपद में जिला पंचायत सदस्य की 52, ग्राम प्रधान की 946 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के 12,147 के अलावा ग्राम पंचायत सदस्य क लिए चुनावी मैदान में 21 हजार से अधिक प्रत्याशी शामिल हैं। मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी प्रत्याशियों को मिले मतों की मतगणना दो मई को होनी है। इसके लिए भी जिला प्रशासन ने अपनी तैयारी लगभग पूरी कर ली है। दो मई को होने वाली मतगणना को लेकर प्रत्याशियों को भी बेसब्री से इंतजार है। उन्होंने मतगणना के दौरान अपने एजेंट बनाने के लिए भी उनके पास बनवाने के अलावा अन्य तैयारियां भी पूरी कर ली हैं। बताया गया कि जिला पंचायत सदस्य पदों के परिणाम की घोषणा ब्लॉक पर ही होगी, लेकिन विजेताओं को प्रमाणपत्र जिला मुख्यालय पर दिए जाएंगे, जबकि प्रधान, बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्य के विजेताओं को प्रमाणपत्र ब्लॉक पर ही मतगणना स्थल पर दिए जाएंगे। प्रशासन की ओर से कोरोना के मद्देनजर विजय जुलूस पर पाबंदी लगा दी है। अगर कोई विजेता जुलूस निकालता है तो जेल भेजा जाएगा। जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी आरके अत्री ने बताया कि मतगणना दो मई को होनी है। इसके लिए तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। इस दिन कोरोना संक्रमण के चलते विजय जुलूस पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी।