कोरोना की दूसरी लहर में युवा सबसे अधिक संक्रमित
बुलंदशहर। कोरोना की दूसरी लहर में नया स्ट्रेन बड़े-बूढ़ों के साथ छोटे बच्चों किशोर और युवा के लिए भी मुसीबत बना हुआ है। हाल यह है कि बुखार, जुकाम, खांसी के अलावा सिरदर्द आदि होने पर संक्रमण अपनी चपेट में ले रहा है। गत माह में 704 नए संक्रमित में 30 फीसदी से अधिक की उम्र एक से 25 वर्ष है। स्वास्थ्य अफसरों के अनुसार नए संक्रमित में 25 से 40 वर्ष तक के लोग अधिक हैं। इसके अलावा एक से 25 वर्ष तक के भी कोरोना का शिकार हो रहे हैं।
एसीएमओ/नोडल अधिकारी डॉ. रोहताश यादव ने कहा कि कोरोना संक्रमण किसी को भी हो सकता हैं। उससे यह दूसरे व्यक्ति में पहुंच सकता है। 25 वर्ष तक के लोगों में भी संक्रमण की दर बढ़ी है। राहत की बात ये है कि अब तक किसी भी बच्चे के बहुत अधिक गंभीर होने का मामला सामने नहीं आया है।
संक्रमितों का आंकड़ा
दिनांक संक्रमित की संख्या एक से 12 वर्ष 13-17 वर्ष 18 से 25 वर्ष
01 अप्रैल 08 00 00 03
02 अप्रैल 16 00 02 03
03 अप्रैल 19 00 02 06
04 अप्रैल 21 00 02 05
05 अप्रैल 20 00 01 03
06 अप्रैल 25 03 02 06
07 अप्रैल 15 01 01 02
08 अप्रैल 92 08 08 24
09 अप्रैल 36 00 00 09
10 अप्रैल 58 02 00 10
11 अप्रैल 62 04 01 15
12 अप्रैल 89 03 05 21
13 अप्रैल 109 11 07 19
14 अप्रैल 134 03 14 31
कुल संक्रमित 704 13 45 157
नोट: संक्रमित के आंकड़े 14 अप्रैल तक हैं, जो स्वास्थ्य विभाग से लिए गए हैं।
-------
क्राइम ब्रांच प्रभारी समेत 134 नए मरीज, 38 हुए ठीक
कोरोना के मरीजों के ग्राफ में तेजी से वृद्धि हो रही है। बुधवार को जिले में क्राइम ब्रांच के प्रभारी समेत 134 और मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, साथ ही एक मरीज की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि 38 मरीज ठीक हो चुके हैं। अब जिले में कुल एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 584 पर पहुंच गई है। कोरोना की दूसरी लहर में सबसे अधिक संक्रमित 18 साल से 25 साल तक के युवा हो रहे हैं। पिछले 14 दिनों में 157 युवाओं को संक्रमण ने जकड़ा है।
कोरोना संक्रमण के प्रसार की गति को रोकने के सभी कदम फिलहाल फेल हो रहे हैं। प्रतिदिन रिकॉर्ड मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है। जिसके कारण अब जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 7032 पर पहुंच गई है। वहीं बुधवार को बीबीनगर के गांव धतूरी निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से 6352 मरीज ठीक हो चुके हैं तो वहीं 96 मरीजों की मौत हो गई है।
बुधवार को क्राइम ब्रांच के प्रभारी समेत कुल तीन पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से पुलिस विभाग में अफरातफरी मची हुई है।
एसीएमओ व नोडल अधिकारी डा. रोहताश यादव ने बताया कि बुलंदशहर में 43, खुर्जा में 13, दानपुर में तीन, डिबाई में 4, शिकारपुर में 10, पहासू में पांच, बीबीनगर में 17, गुलावठी में पांच, सिकंदराबाद में चार, स्याना में 17, अनूपशहर में आठ, जहांगीराबाद में तीन, लखावटी में एक और ऊंचागांव में एक मरीज सामने आए हैं।