बुलंदशहर : गर्मी के साथ शुरू हुई बिजली कटौती, आज चार घंटे रहेगी बाधित
बुलंदशहर। भीषण गर्मी के मौसम में बिजली की किल्लत से लोगों को जूझना पड़ेगा। हाइडिल कॉलोनी स्थित बिजलीघर पर बुधवार को मरम्मत कार्य के चलते लगातार चार घंटे तक बिजली सप्लाई बाधित रहेगी।
गर्मी के मौसम में दोपहर के वक्त बिजली न होने के कारण बिजलीघर से जुड़े करीब आठ हजार उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ेगी। बिजलीघर के जेई ज्योति भास्कर ने बताया कि कई दिन से बिजलीघर पर तकनीकी समस्या के कारण बिजली सप्लाई देने में परेशानी हो रही है। जिसके चलते समस्या का स्थाई समाधान किया जाना जरूरी है। बताया कि सुबह नौ से दोपहर एक बजे तक बिजलीघर पर मरम्मत कार्य किया जाएगा। इससे संबधित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित रहेगी। लोगों का कहना है कि गर्मी शुरू होते ही बिजली की किल्लत शुरू हो गई है। साठा, राधानगर, आनंद विहार, मोहनकुटी, शास्त्री नगर, रामविहार समेत अन्य कॉलोनियां प्रभावित रहेंगी।