बिजली के तार की चिंगारी से जली गेहूं की फसल
खानपुर। क्षेत्र के गांव सौझना झाया में बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट होने से नीचे खेत में खड़ी कई बीघा गेहूं की फसल जल गयी। सूचना पाकर सैकड़ों किसान एकत्रित हो गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
क्षेत्र के गांव सौझना झाया में खेतों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। शनिवार को बिजली की लाइन में फाल्ट होने से चिंगारी निकलने लगी। चिंगारी गिरने से जत्ती पुत्र बिजेंद्र सिंह के खेतों में आग लग गयी। आग ने धीरे-धीरे बड़ा रूप धारण कर लिया। पास ही खेतों में गेहूं की कटाई का काम कर रहे किसानों में आग को देखकर अफरातफरी का माहौल बन गया। आग लगने कि सूचना पास के खेतों में काम कर रहे हैं किसानों ने पीड़ित किसानों को दी। सूचना पाकर दर्जनों किसान पानी के टैंकर लेकर मौके पर पहुंच गए। किसानों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारण जत्ती सिंह के खेत में खड़ी कई बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मुआवजा दिलाने की मांग की है।