बाइक सवार युवकों को बस ने रौंदा, एक की मौत
अहमदगढ़। थाना क्षेत्र में दिल्ली-बदायूं हाईवे पर बृहस्पतिवार देर शाम तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात रोडवेज बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
बदायूं के थाना उसावा क्षेत्र के गांव आनंदपुर निवासी रामधीरज ने शुक्रवार को थाने पर तहरीर दी, जिसमें उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को उनका पुत्र हरवीर अपने दोस्त देवेश पुत्र मोहर सिंह के साथ बाइक लेकर गांव से दिल्ली के लिए निकला था। इस दौरान अहमदगढ़ थाना क्षेत्र में गांव गंगावास के निकट डिबाई की ओर से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित रोडवेज बस ने बाइक सवार दोनों युवकों को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक बस लेकर भाग निकला। ग्रामीणों व राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी, जहां चिकित्सकों ने हरवीर को मृत घोषित कर दिया, जबकि देवेश को गंभीर हालत में हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर अज्ञात रोडवेज चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।