मतदाता हर किसी को दे रहे आश्वासन की घुट्टी
बुलंदशहर। गांवों की सरकार बनाने के लिए समय नजदीक आते ही चुनाव प्रचार ने जोर पकड़ लिया है। हालांकि अभी नामांकन नहीं हुआ, फिर भी गांवों में चुनाव प्रचार पूरे चरम पर है। संभावित प्रत्याशी किसी भी प्रकार की कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ना चाहते हैं। क्योंकि जरा सी चूक भी भारी पड़ सकती है। इसके लिए नाते-रिश्तेदारों से जहां फोन करवाए जा रहे हैं। वहीं प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पाले में लेने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।
गांव का प्रधान बनने का सपना संजोए ज्यादातर उम्मीदवार अरसे से चुनावी तैयारी में लगे हैं। आरक्षण में सीट मनचाही होने के बाद अब इनका सारा जोर जीत पक्की करने में लगा हुआ है। पंचायतों में कई प्रत्याशी चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे हैं। हालांकि जनपद में अभी नामांकन की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। लेकिन गांवों में सभी संभावित प्रत्याशी अपनी जीत के प्रति आश्वस्त हैं और कहते हैं कि नामांकन के बाद स्थिति पूरी तरह से साफ हो जाएगी। मतदाताओं को अपने पाले में लाने के लिए ये किसी प्रकार की कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रहे हैं। यहां तक मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए प्रत्याशी उनके नाते और रिश्तेदारों तक से फोन करवा रहे हैं, लेकिन मतदाता अभी अपनी ही धुन में होने के साथ गेहूं की फसल काटने और उठाने की तैयारी में हैं। मतदाता यहां तक कह रहे हैं कि जो दरवाजे पर आता है उसे भगाया नहीं जा सकता। इसलिए हर किसी को आश्वासन दिया जा रहा है।
पहले दिन 2856 मतदान कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण
जनपद में पंचायत चुनाव करवाने के लिए नगर के केंद्रीय विद्यालय में मतदानकर्मियों का छह दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हो गया। पहले दिन तीन पालियों में 2856 मतदानकर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। डीएम रविंद्र कुमार ने प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण कर मास्टर ट्रेनर को दिशा निर्देश जारी किए हैं।
सीडीओ/कार्मिक अधिकारी अभिषेक पांडेय का कहना है कि पंचायत चुनाव कराने के लिए मतदानकार्मिकों का प्रशिक्षण शुरू हो गया है। पहले दिन 2856 मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षण 14 अप्रैल तक जारी रहेगा, जो अनुपस्थित रहेगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। सभी कर्मियों को कोविड-19 के साथ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा।