घर के बाहर खेल रहे मासूम की तालाब में डूबने से मौत
शिकारपुर। नगर क्षेत्र के मोहल्ला मोरवन में घर के बाहर खेल रहा मासूम तालाब में गिर गया, जिससे डूबने के कारण उसकी मौत हो गई। उसका शव पानी में तैरता दिखने पर परिजनों को जानकारी हुई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नगर के मोहल्ला मोरवन निवासी धर्मेंद्र अपने परिवार के साथ रानी हौज तालाब के सामने बने अपने मकान में रहता है। धर्मेंद्र हरियाणा में हलवाई की दुकान पर नौकरी कर अपना व परिवार का भरण पोषण करता है। बताया गया कि शुक्रवार को उसका चार वर्षीय पुत्र कार्तिक घर के बाहर खेल रहा था। उसी दौरान वह खेलते समय संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया। जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। वहीं, शाम करीब पांच बजे उसका शव तालाब में तैरते हुए स्थानीय लोगाें व परिजनों ने देखा। इसके बाद उसे बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हरियाणा में नौकरी कर रहे उसके पिता को हादसे की जानकारी दी गई। बताया जाता है कि मृतक कार्तिक अपने पिता धर्मेंद्र और मां सोनम का बड़ा पुत्र था। उनकी दूसरी संतान एक वर्षीय सार्थक है। बेटे के शव को देखने के बाद उसकी मां बार-बार बेहोश हो रही थी। मासूम के शव को सीने से लिपटाकर उसका करुण रूदन मौजूद लोगों की आंखों को नम कर रहा था।
शुक्रवार शाम अपने बच्चे को तलाश कर रही कार्तिक की मां सोनम ने जब उसके शव को तालाब में तैरता हुआ देखा, तो वह उसे निकालने के लिए तालाब में कूद गई। लेकिन आसपास के लोगों ने उसे पकड़ कर बाहर निकाला।
सुभाष सिंह, थाना प्रभारी शिकारपुर = घटना की सूचना अभी नहीं मिली है, जानकारी की जा रही है, परिजनों से बातचीत के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।