बोहिच के निवर्तमान प्रधान और ग्राम सचिव को नोटिस
बुलंदशहर। शिकारपुर क्षेत्र में सांसद के पैतृक गांव बोहिच में अंत्येष्टि स्थल के निर्माण में 24 लाख का घोटाला उजागर होने के बाद ग्राम पंचायत के निवर्तमान प्रधान और ग्राम सचिव को नोटिस जारी हो गया है। डीपीआरओ ने यह कार्रवाई जांच अधिकारी की रिपोर्ट मिलने के बाद की है।
जिला पंचायत राज अधिकारी नन्दलाल ने बताया कि गत दिनों शिकारपुर क्षेत्र के गांव बोहिच के ग्रामीणों ने शिकायत दी थी कि गांव में अंत्येष्टि स्थल का निर्माण चल रहा है। इसके निर्माण में अनियमितताएं बरती जा रही हैं। शिकायत मिलने पर इसकी जांच मैंने खुद भी की थी और निर्माण कार्य में अनियमितता सामने आई थी। इसके बाद अंत्येष्टि स्थल के निर्माण की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया गया था। इस कमेटी के अधिकारी ने जांच कर अपनी रिपोर्ट बताया है कि अंत्येष्टि स्थल का निर्माण अधोमानक है और इसमें 24 लाख 37 हजार रुपये की राशि का घोटाला हुआ है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद विभागीय अधिकारियों ने गांव के निवर्तमान प्रधान और ग्राम सचिव को नोटिस जारी कर जवाब मांग लिया है। नोटिस का समय पर जवाब नहीं मिलने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निवर्तमान प्रधान और ग्राम सचिव से घोटाले की राशि की रिकवरी भी की जा सकती है। नन्दलाल ने बताया कि जनपद में बन रही सभी अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण जानकारी हासिल की जा रही है। ताकि यह पता किया जा सके कि किसी अन्य अंत्येष्टि स्थल के निर्माण में अनियमितता तो नहीं बरती जा रही है।