हंगामे के बीच नगर पालिका की बोर्ड बैठक स्थगित
बुलंदशहर। नगर पालिका की मासिक बोर्ड बैठक बिना किसी प्रस्ताव पर चर्चा किए हंगामे की भेंट चढ़ गई। सभासदों द्वारा बहिष्कार किए जाने पर एक घंटे बाद बैठक को स्थगित कर दिया गया। सभासदों द्वारा टैक्स में 15 प्रतिशत छूट न मिलने और सफाई कर्मियों ने मानदेय समेत अन्य मांगों को लेकर विरोध जताया। साथ ही नगर पालिका ईओ के खिलाफ नारेबाजी भी की। मिनट बुक में केवल सर्वसम्मति से बैठक स्थगित की जाती है, लिखा गया।
नगर के विकास कार्यों समेत अन्य कार्यों को लेकर बुधवार को नगर पालिका की मासिक बोर्ड बैठक रखी गई। बैठक में आगामी वर्ष 2021-22 के मूल बजट सहित 49 प्रस्तावों पर चर्चा होनी थी। निर्धारित समय पर सभासदों का पालिका सभागार में पहुंचना शुरू हो गए। वहीं, निर्धारित समय के बाद पालिका चेयरमैन मनोज गर्ग के सभागार में पहुंचने पर बैठक की कार्रवाई शुरू होनी थी, इसी दौरान सफाई कर्मचारी यूनियन के जिलाध्यक्ष जितेंद्र मोहन काफी संख्या में सफाई कर्मियों को साथ लेकर पहुंच गए। सफाईकर्मियों ने ठेके पर काम करने वाले कर्मियों को मानदेय नहीं मिलने का विरोध जताते हुए ठेकेदार को बुलाने की मांग की। साथ ही पालिका ईओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं, एजेंडे में शामिल प्रस्ताव संख्या 576 का विरोध जताया। कहा कि नगर पालिका ने वाल्मीकि बच्चों के छात्रावास की भूमि को प्राइवेट बस अड्डा बनाने के लिए प्रस्ताव रखा है। इसके बाद सभासदों द्वारा विरोध जताना शुरू कर दिया गया। सभासदों ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन पर आपत्ति जताते हुए कहा कि जिस संस्था को ठेका दिया गया है, उसे पालिका तमाम संसाधन उपलब्ध करा रही है। साथ ही प्रति घर से 50 रुपये की वसूली भी की जा रही है। इसके बावजूद नगर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ठप है। साथ ही पालिका क्षेत्र में टैक्स में कई गुना का इजाफा कर दिया गया है। इसके अलावा जनता को 15 प्रतिशत की छूट भी नहीं दी जा रही है। सभासदों का हंगामा जारी रहने पर करीब सवा घंटे बाद बोर्ड की बैठक को स्थगित कर दिया गया।
सभासद सुनील शर्मा ने कहा कि नगर में टैक्स में बेतहाशा वृद्धि की गई है। पूर्व में भी सेल्फ एसेसमेंट से टैक्स बढ़ाया गया। इसके बाद फिर से सर्वे करवाकर टैक्स में बेतहाशा वृद्धि कर दी गई। इसके बावजूद नगरवासियों को 15 प्रतिशत की छूट नहीं दी जा रही है। वहीं, नामित सभासद हितेश गर्ग ने ठेका सफाई कर्मियों की समस्या उठाते हुए ठेकेदार की जमानत राशि में से कर्मियों को मानदेय दिलाने के लिए ईओ से मांग की। वहीं, सीवर लाइन कार्य में शिथिलता बरतने के बावजूद कार्यदायी संस्था को नोटिस और कार्रवाई न होने पर भी सवाल किए गए।
ईओ मनोज कुमार रस्तोगी - पालिका की बोर्ड बैठक का आयोजन होना था, लेकिन विरोध होने के कारण बैठक अगली तिथि तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
चेयरमैन मनोज कुमार गर्ग - नगरवासी सभासदों से शिकायत कर समाधान की मांग करते हैं। सभासदों की बात पालिका के अफसरों और कर्मियों द्वारा न सुने जाने पर सभासदों में आक्रोश है। इसी कारण बोर्ड की बैठक को स्थगित किया गया है।