ससुराल में जली महिला की हुई मौत
स्याना। चार सप्ताह पहले ससुराल में झुलसी महिला की शनिवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने नामजद चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। गांव चांदपुर पूठी गांव में विवाहिता कोमल उम्र 25 वर्ष को ससुराल के लोग प्रताड़ित करते थे। उन्हाेंने मिट्टी का तेल छिड़ककर उसे आग लगा दी थी। कोमल गंभीर रूप से झुलस गई थी। इसके बाद मायके वाले हायर मेडिकल के लिए मेरठ ले गए थे। कोतवाल जेके सिंह ने बताया कि शनिवार को गंभीर रूप से झुलसी कोमल की मौत हो गई। मृतका के पिता व ग्राम किसौला निवासी सतीश ने इस घटना में उसके पति तिवेंद्र, देवर बाबी, ननद ममता व ससुर उदयवीर को नामजद किया था। इनमें दो नामजद आरोपी बाबी व उदयवीर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने अब महिला की मौत के बाद संगीन धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है।