राशन के साथ अब पात्रों को मक्का भी मिलेगा
बुलंदशहर। राशन की दुकान से प्रत्येक माह फूड सिक्योरिटी योजना के तहत राशन प्राप्त करने वाले पात्र परिवारों के लिए एक अच्छी खबर है। अब उन्हें राशन के साथ मक्का भी मिलेगा। शासन का आदेश मिलने पर विभागीय अधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं। बताया गया कि मक्का वितरण की शुरुआत नए साल में फरवरी माह से की जाएगी।
जनपद में 1421 राशन की दुकानें संचालित हैं। इनसे फूड सिक्योरिटी योजना के तहत प्रत्येक माह करीब छह लाख पात्र राशनकार्ड परिवारों को पांच किलो राशन प्रति सदस्य के हिसाब से दिया जाता है। इसमें तीन किलो गेहूं और दो किलो चावल शामिल होता है। गेहूं दो रुपये और चावल तीन रुपये किलो की दर से देने का प्रावधान है। अब शासन ने इस राशन में पात्र परिवारों को मक्का भी देने का निर्णय लिया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पात्र परिवार के प्रति सदस्य एक किलो मक्का दिया जाएगा। साथ ही दो किलो गेहूं और दो किलो चावल कुल पांच किलो राशन दिया जाएगा। अभी शासन से मक्का का रेट निर्धारित नहीं किया गया है। अफसरों ने यह भी बताया कि राशन में शामिल होने वाली मक्का जनपद में खरीदी जा रही मक्का होगी। इसके लिए संबंधित विभाग के अफसरों से भी संपर्क किया जा रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी केबी सिंह ने बताया कि राशन के साथ मक्का वितरण का शासन ने आदेश जारी कर दिया है। यह आदेश मिलने पर विभाग की ओर से तैयारी शुरू हो गई है। उन्होंने बताया कि मक्के का वितरण फरवरी माह से शुरू होगा।