अपनों और नए सपनों संग लोगों ने किया 2021 का स्वागत
बुलंदशहर। 2020 खत्म हो चुका है और 2021 का आगमन हो चुका है। जनपदवासियों ने नए साल को भव्य रूप से मनाया। कोरोना संक्रमण के बीच नववर्ष के स्वागत को लेकर जिलेवासियों में इस बार उत्साह अलग नजर आया। दिन में जहां लोगों ने बाजार में जाकर नववर्ष की शुभकामनाएं देने के लिए रंगबिरंगे गिफ्ट एवं अन्य सामान खरीदे। वहीं, देर रात तक होटल और घरों में लोगों ने जशभन के साथ नए साल का स्वागत किया। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस चौक चौराहों पर मुस्तैद नजर आई।
बृहस्पतिवार साल 2020 का अंतिम दिन रहा। रात के 12 बजते ही वर्ष 2021 का आगाज हो गया। लोगों ने शहर में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजन कर नए साल का भव्य जशभन मनाया। इस दौरान लोगों ने डीजे पर जमकर ठुमके लगाए और पार्टियों का आयोजन भी किया गया। वहीं, जनपद पुलिस ने इस जशभन को शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जाने के लिए पहले से ही अपनी कमर कस ली थी। बृहस्पतिवार सुबह से ही जनपदभर में पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति यों और वाहनों की तलाश में चेकिंग अभियान चलाया। साथ ही बेवजह घूमते हुए या फिर हुड़दंग मचाते हुए नजर आए कुछ लोगों को हिदायत देकर छोड़ा गया। एसएसपी ने सभी क्षेत्राधिकारियों और सभी थाना प्रभारियों व चौकी प्रभारियों को बुधवार को ही निर्देश जारी कर दिए थे। साथ ही इस दौरान संवेदनशील व अतिसंवेेदनशील स्थानों पर भी पैनी नजर बनाए रखने को कहा गया है। साथ ही नए साल के जशभन में कोई बाधा न उत्पन्न हो, इसके लिए खुफिया विभाग भी सक्रिय नजर आया।
डीजे की धुन पर किया डांस, पार्टी का हुआ आयोजन
कोरोना संक्रमण के चलते बंदिश के बीच इस बार युवाओं में नववर्ष के बढ़ते क्रेज को देखते हुए होटल एवं रेस्तरां मालिकों ने खासी तैयारी करते हुए खास अंदाज में बैलून, फूल और लाइटिंग से सजाया। नववर्ष की संध्या होते ही डीएम रोड, भूड़ रोड और कालाआम चौराहा स्थित विभिन्न होटल दूधिया रोशनी में नहा गए। युवाओं एवं अन्य लोगों को रिझाने के लिए होटल संचालकों ने नववर्ष को लेकर खास पैकेज भी ऑफर किए। देर रात्रि होटल एवं रेस्तरां में युवाओं के साथ नवदंपती भी धमाल मचाने पहुंचे। वहीं, सभी ने रात्रि 12 बजते ही एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी।
बुके और गिफ्ट की हुई खरीदारी
नववर्ष की पूर्व संध्या पर बाजारों में फूलों की बिक्री बढ़ गई और अधिकांश ने एक जनवरी के लिए एडवांस में फूल एवं बुके आदि बुक कराए। नगर के अंसारी रोड, चौक बाजार, कृष्णा नगर समेत अन्य बाजारों में गिफ्ट खरीदने के लिए युवाओं का बृहस्पतिवार को दिनभर तांता लगा रहा। दुकानों पर बच्चों से लेकर युवा अपने चहेतों को गिफ्ट देने को खरीदारी करते हुए दिखे। गिफ्ट शॉप के संचालक नवीन सिंघल के मुताबिक इस बार नववर्ष पर एक-दूसरे को गिफ्ट देने का क्रेज बढ़ा है। गिफ्ट के साथ-साथ लोगों ने टेडी वियर, परफ्यूम, चॉकलेट एवं केक आदि की भी खरीदारी की है।