यूपी महोत्सव में धूम मचा रही जनपद की ‘जैविक बिरयानी’
बुलंदशहर। कृषि प्रधान जनपद बुलंदशहर में जैविक खेती करने वाले किसानों की जैविक बिरयानी इस समय लखनऊ में चल रहे यूपी महोत्सव में धूम मचा रही है। जनपद के किसानों ने यूपी महोत्सव में बिरयानी की स्टाल लगा रखी है। इस बिरयानी की खास बात यह है कि इसमें इस्तेमाल सभी खाद्य पदार्थ जैविक विधि से तैयार किए गए हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस स्टाल का निरीक्षण कर किसानों को बधाई दी है।
शासन के आदेश पर इसी वर्ष गंगा किनारे वाले 39 गांवों में 1050 हेक्टेयर भूमि में जैविक खेती की शुरुआत की गई है। इस खेती को करने वाले 1525 किसानों के 50 से अधिक क्लस्टर बनाए गए हैं। इस खेती को करवाने में कृषि विभाग के साथ कृषि विविधिकरण परियोजना यूपी डास्प का विशेष योगदान है। खरीफ के दौरान इस भूमि पर गन्ने, धान, बाजरा, मक्का, दलहन आदि फसलों की खेती की गई। इसके सार्थक परिणाम सामने आए और इससे किसानों को काफी मुनाफा भी हुआ। इस समय इसी भूमि पर गेहूं आदि फसलों भी उगाई गई हैं। गत दिनों मेरठ में आयोजित एक कार्यक्रम में जैविक खेती करने वाले किसानों की फसलों को प्रदर्शित किया गया था। यहां पर किसानों की ओर से जैविक धान से तैयार चावल, बाजरा, मक्का, दलहन आदि की जमकर बिक्री हुई थी। इसे देखते हुए डास्प के अधिकारी डॉ. कमल सिंह ने जैविक खेती करने वाले किसानों को कुछ अलग करने पर विचार किया गया। इस दौरान जैविक फसलों से उत्पन्न फसलों से बिरयानी तैयार करने पर सहमति बनी। इसी बीच लखनऊ में चल रहे यूपी महोत्सव में भी बुलंदशहर से जैविक खेती करने वाले किसानाें की स्टॉल लगाने का न्यौता मिला। डॉ. कमल सिंह ने बताया कि यूपी महोत्सव में न्यौता मिलने पर इसे भुनाने का विचार आया। यूपी महोत्सव में ब्लॉक ऊंचागांव और डिबाई के जैविक खेती करने वाले दस किसानों ने बिरयानी की स्टाल लगाने को सहमति जताई। इन किसानों ने यूपी महोत्सव में जैविक बिरयानी की स्टाल लगाई तो वहां इसकी धूम मचनी शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि बुलंदशहर की जैविक बिरयानी की इतनी मांग है कि पूरी नहीं हो रही है। इसमें चावल से लेकर टमाटर, मटर आदि सभी सामग्री जैविक विधि से उगाए गए हैं। इस स्टाल का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी निरीक्षण कर जैविक बिरयानी तैयार करने वाले किसानों को भी बधाई दी है।
----------
जैविक गुड़ भी मचा रहा धूम
डास्प के अधिकारी डॉ. कमल सिंह ने बताया कि जैविक खेती करने वाले किसानों ने जैविक गुड़ भी तैयार किया है। इसकी आकृति आइसक्रीम की तरह है। यह गुड़ अहार क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर बांगर में तैयार किया जा रहा है। इसे गिलास की सहायता से आइसक्रीम का आकार दिया गया है। साथ ही इसमें नारियल का प्रयोग किया गया है। जिससे यह आइसक्रीम की तरह लगता है। इस गुड़ की भी यूपी महोत्सव में स्टाल लगाई गई है। जहां इसकी भी धूम है और लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। इसकी वहां अब कमी होने लगी है और बुधवार को और गुड़ लखनऊ भेजा गया है।
--------
चावल, दाल, मक्का, बाजरा, मटर और टमाटर की भी बढ़ी मांग
यूपी महोत्सव में जनपद में जैविक खेती करने वाले किसानों ने जैविक चावल, दाल, मक्का, बाजरा, मटर और टमाटर की भी स्टाल लगाई है। इन सभी की भी मांग अधिक हो रही है। उन्होंने दावा किया कि इन सभी यूपी महोत्सव में लगे स्टाल पर सेल नंबर एक पर चल रही है। इन सभी खाद्य सामग्री की कमी होने पर बुधवार को एक खेप लखनऊ भेजी गई है। उप कृषि निदेशक आरपी चौधरी ने बताया कि जैविक दाल, मक्का, बाजरा, मटर और टमाटर की यूपी महोत्सव में मच रही धूम से बुलंदशहर का नाम भी रोशन हो रहा है। अब जनपद में जैविक खेती का क्षेत्रफल बढ़ाने पर विचार चल रहा है।
----------