जनपद में ‘जाट’ लिखी बाइक का कटा पहला चालान
बुलंदशहर। आपके वाहन पर यदि जातिसूचक शब्द लिखा है तो उसे हटा दें, अन्यथा संभागीय परिवहन विभाग या पुलिस आपके वाहन का चालान काट सकती है। साथ ही वाहन सीज भी किया जा सकता है। जिले में मंगलवार से संभागीय परिवहन विभाग द्वारा जातिसूचक शब्द वाहनों पर लिखने के मामले में कार्रवाई का अभियान शुरू कर दिया गया। इस दौरान एआरटीओ प्रवर्तन द्वितीय आनंद निर्मल द्वारा चार वाहनों पर जातिसूचक शब्द लिखा मिलने पर कार्रवाई की गई।
प्रदेश सरकार ने हाल ही में संभागीय परिवहन विभाग और पुलिस को जातिसूचक शब्द लिखे वाहनों के चालान काटने के निर्देश दिए थे। प्रदेश सरकार के निर्देश पर संभागीय परिवहन विभाग ने जातिसूचक शब्द लिखे मिलने वाले वाहनों के चालान काटने की कार्रवाई शुरू कर दी है। एआरटीओ प्रवर्तन द्वितीय आनंद निर्मल ने बताया कि नगर में सर्वप्रथम एक बुलेट गाड़ी पर ‘जाट’ शब्द लिखा मिलने पर पहला चालान किया गया। बताया कि पहली बार पकड़े जाने पर 500 रुपये और दूसरी बार पकड़े जाने पर 1500 रुपये का चालान होगा। इसके बाद वाहन सीज कर दिया जाएगा। यदि किसी ने अपने वाहन पर जातिसूचक शब्द लिख रखा है तो जल्द हटवा लें। अन्यथा विभाग द्वारा कार्रवाई की जाएगी। बताया कि जातिसूचक शब्द लिखे वाहनों पर जिले में कार्रवाई का अभियान शुरू कर दिया गया है। जो अग्रिम आदेश तक निरंतर जारी रहेगा। इसके अलावा बिना हेलमेट और सीट बेल्ट न लगाने पर 46 वाहनों के चालान काटे गए। हेलमेट लगाकर न चलने और सीट बेल्ट न लगाने वाले वाहन चालकों को सड़क हादसों से बचने के लिए नियम का पालन करने की अपील भी की।