कोविड टीकाकरण के लिए जनपद में बने 40 केंद्र
बुलंदशहर। कोविड-19 के टीकाकरण के लिए जिले में 40 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 132 टीम टीकाकरण का कार्य करेंगी। शासन के निर्देश पर सोमवार को स्वास्थ्य अफसरों ने केंद्र निर्धारण कर संख्या मुख्यालय भेज दी है। यहां से प्रस्तावित केंद्रों पर मोहर लगने के बाद टीम को तैनात कर दिया जाएगा।
जिले में कोरोना टीकाकरण की तैयारियां को लेकर स्वास्थ्य अफसरों की ओर से केंद्र निर्धारित कर लिए गए हैं। यहां पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाना है। सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर ने बताया कि टीकाकरण के लिए जिले की 13 सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र), पांच ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य केंद्र समेत जिले के सरकारी और निजी अस्पतालों को केंद्र बनाया जाएगा। टीकाकरण केंद्रों पर 132 टीमें तैनात की जाएंगी। प्रत्येक केंद्र पर तीन कमरे होंगे। जहां टीकाकरण के अलावा टीका लगवाने वाले व्यक्ति को रोकने की व्यवस्था होगी। पहले चरण में वैक्सीनेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद केंद्र और टीम की संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने बताया कि सोमवार को केंद्र और टीम की सूची बनाकर शासन को भेज दी गई है। यहां से निर्देश मिलने पर पहले चरण में होने वाले टीकाकरण को लेकर टीम को प्रशिक्षण देने की प्रक्रिया पूर्ण करा दी जाएगी।
वैक्सीन की निगरानी को बनेगा क्रंट्रोल रूम
बुलंदशहर। प्रतिदिन शासन स्तर से टीकाकरण को लेकर दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। वहीं, वैक्सीन आने के बाद टीकाकरण के कार्य पर जिले के स्वास्थ्य अफसर और प्रशासनिक अफसरों के साथ शासन स्तर पर निगरानी और पल-पल की रिपोर्ट प्राप्त हो सके इसके लिए जिले में कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर ने बताया कि टीकाकरण को लेकर जल्द ही कंट्रोल रूम के लिए समिति का गठन किया जाएगा। कंट्रोल रूम में जिला स्तर और ब्लॉक स्तर के अफसरों की ड्यूटी लगाई जाएगी।