मिट्टी की ढांग गिरने से दबकर महिला और दो किशोरियों की मौत
खानपुर/नरसेना। नरसेना थाना क्षेत्र के गांव ढलना में शनिवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना हुई। घरों की लिपाई के लिए गांव के ही बाहर एक छोटी खदान से मिट्टी लेने के लिए गांव की कुछ महिलाएं व किशोरियां गई थीं। खुदाई के दौरान दो किशोरी और एक महिला ढांग गिरने से उसके नीचे दब गईं। इसकी सूचना मिलते ही स्थानीय लोग व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जेसीबी की मदद से रेस्क्यू कर तीनों को बाहर निकाला गया। गंभीरावस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
क्षेत्र के गांव ढलना निवासी मीनाक्षी (25), कविता (17) व दीपांशी (12) निवासी तिमरपुर शनिवार को अपने अन्य साथियों के साथ ढलना में रघुनाथपुर रोड स्थित खदान से लिपाई के लिए मिट्टी की खुदाई करने गई थीं। खुदाई के दौरान ही मिट्टी की ढांग अचानक भरभरा कर गिर पड़ी, जिसमें तीन लोग दब गए। मौके पर मौजूद शिवानी नाम की युवती ने ढांग गिरते ही शोर मचाना शुरू कर दिया और घटना की सूचना फोन के माध्यम से अन्य ग्रामीणों को भी दी। शोर सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग एकत्रित हो गए और मिट्टी को हटाना शुरू कर दिये। सूचना पाकर आसपास के गांव के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर एसडीएम सुभाष सिंह व क्षेत्राधिकारी अलका सिंह खानपुर व नरसेना पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। आला अधिकारियों ने जेसीबी बुलाकर तेजी से राहत कार्य शुरू कराया। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मिट्टी के नीचे दबी एक महिला व दोनों किशोरियों को बाहर निकाला गया। तीनों को उपचार के लिए ऊंचागांव सीएचसी ले जाया गया, जहां उपस्थित सीएचसी प्रभारी डॉ. सुनील ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से ही मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों के मुताबिक, जिस स्थान पर मिट्टी की ढांग गिरने से हादसा हुआ है। वहां लगभग दर्जनभर महिलाएं मिट्टी की खुदाई करने गई थीं। लेकिन, मिट्टी की ढांग को झुका हुआ देखकर अन्य महिलाएं वापस अपने घर आ गईं। अगर अन्य महिलाएं भी खुदाई करती रहतीं तो हादसा और बड़ा हो सकता था।
एसडीएम स्याना सुभाष सिंह = मिट्टी खुदाई करते समय ढांग गिरने के कारण दो किशोरियों समेत एक महिला की मौत हो गई, जिनके शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति ना हो इसके लिए समस्त ग्राम पंचायतों को नोटिस जारी कर ऐसी ढांगों को गिरवाने के लिए निर्देशित किया जाएगा।