11 को नामांकन और 18 को होगा सिविल बार एसोसिएशन का चुनाव
बुलंदशहर। सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व अन्य पदों के लिए बुधवार को बिगुल बज चुका है। आगामी 11 दिसंबर को नामांकन और 18 दिसंबर को चुनाव होगा। वहीं, एल्डर कमेटी ने अधिवक्ता यशपाल राघव को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है।
सिविल बार एसोसिएशन के सभागार में बुधवार दोपहर को एल्डर कमेटी की एक बैठक आयोजित हुई। जिसमें सर्वसम्मति से अधिवक्ता यशपाल राघव को सिविल बार एसोसिएशन के वर्ष 2020-21 का चुनाव कराने के लिए अधिकारी नियुक्त किया गया। चुनाव अधिकारी ने इसके बाद बताया कि आगामी 11 दिसंबर को सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, सहसचिव सामान्य व पुस्तकालय, कोषाध्यक्ष, छह सदस्य पद के लिए नामांकन किया जाएगा। 14 दिसंबर को सुबह दस बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक नामांकन वापसी व जांच की जाएगी। 17 दिसंबर को सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर दो बजे तक टेंडर वोट डाले जाएंगे। साथ ही 18 दिसंबर को सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक मतदान किया जाएगा। उसी दिन शाम को साढ़े पांच बजे मतगणना प्रारंभ होगी और देर शाम तक विजयी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए छह हजार रुपये, उपाध्यक्ष पद के लिए 5500 रुपये, महासचिव पद के लिए पांच हजार रुपये, सहसचिव पद के लिए चार हजार रुपये, कोषाध्यक्ष पद के लिए तीन हजार रुपये छह सदस्यों कार्यकारिणी के लिए दो हजार रुपये प्रति सदस्य शुल्क जमा करना होगा। साथ ही नामांकन फार्म 100 रुपये में उपलब्ध होगा।