बुलंदशहर जिला पंचायत की बोर्ड बैठक आज, करोड़ों के प्रस्ताव पर लगेगी मुहर
बुलंदशहर। आचार संहिता खत्म होने के बाद शनिवार को जिला पंचायत की बोर्ड बैठक का आयोजन किया जाएगा। जिसमें करीब 50 करोड़ तक के प्रस्तावों पर मुहर लगने की पूरी उम्मीद है। इस राशि से जिला पंचायत के क्षेत्रों में सड़कों और अन्य विकास कार्य किए जाएंगे। वहीं, बोर्ड बैठक में कोविड के नियमों का पालन करने का आदेश जारी किया गया है।
उपचुनाव के लिए लगी आचार संहिता के लंबे अंतराल के बाद शनिवार को जिला पंचायत की बोर्ड की बैठक का आयोजन होगा। इसके लिए जिला पंचायत की ओर से सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। अफसरों ने बताया कि आचार संहिता के चलते लंबे समय से जिपं क्षेत्रों में विकास कार्य रुके हुए थे। लेकिन अब बोर्ड बैठक के बाद विकास कार्योें में पंख लग जाएंगे। इसके लिए करीब 50 करोड़ के प्रस्ताव बनाकर पेश किए गए हैं। उम्मीद है कि बैठक में इन सभी प्रस्तावों पर मुहर लग जाएगी। कुल 38 किमी सड़क के 42 मार्गों का कायाकल्प हो जाएगा। अपर मुख्य अधिकारी विद्या शंकर पांडेय ने बताया कि प्रस्तावों पर मुहर लगते ही क्षेत्रों में विकास कार्य होने शुरू हो जाएंगे। इसके लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। बताया कि बैठक में सभी अधिकारियों से कोविड के नियमों का पालन करने का निर्देश दे दिया गया है। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी ओमवीर सिंह की अध्यक्षता रहेगी।