जनपद में आज लगाए जाएंगे 34 लाख से अधिक पौधे
बुलंदशहर। जनपद में वन महोत्सव के तहत वृहद पौधरोपण रविवार को होगा। वन विभाग के अधिकारियों का दावा है कि पौधरोपण के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। एक ही दिन में मिले लक्ष्य के अनुसार करीब 34 लाख से अधिक पौधे रोपित किए जाएंगे।
डीएफओ गंगा प्रसाद ने बताया कि जनपद में वृहद पौधरोपण के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। गंगनहर के पास गांव खेतलपुर भैसोली के समीप परिवहन मंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं जनपद के प्रभारी मंत्री अशोक कटारिया पौधरोपण का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के राज्य मंत्री अनिल शर्मा और सांसद भोला सिंह के अलावा प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल रहेंगे। उन्होंने बताया कि जनपद के अन्य क्षेत्रों में विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख और ग्राम प्रधानाें के अलावा तहसीलदार की देखरेख में पौधरोपण होगा। इस दौरान कोरोना संक्रमण से बचने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाएगा। जनपद के शिक्षण संस्थानों के अलावा सरकारी कार्यालयों आदि में भी पौधरोपण होगा।
यह है पौधरोपण का लक्ष्य
शासन से जनपद में पौधरोपण के लिए मिले लक्ष्य 12 विभागाें में बांटा गया है। इसमें वन विभाग को 1086900, पर्यावरण विभाग को 54300, ग्राम्य विकास विभाग को 1373800, राजस्व विभाग को 155400, पंचायती राज विभाग को 155400, आवास विकास विभाग को 5700, औद्योगिक विकास को 2900, नगर विकास को 19400, लोक निर्माण विभाग को 9300, जल शक्ति विभाग को 9300, कृषि विभाग को 263580 और पशुपालन विभाग को 4600 पौधे रोपित करने का लक्ष्य दिया गया है।