दो बाइक की भिड़ंत में महिला की मौत
औरंगाबाद। जहांगीराबाद मार्ग स्थित शिव मंदिर के निकट दो बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में महिला की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
बुलंदशहर देहात थाना क्षेत्र के गांव काहिरा निवासी विधवा महिला प्रकाशवती 42 वर्ष मंगलवार को अपने रिश्तेदार के साथ बाइक द्वारा गांव पर्वाना जा रही थी। जहांगीराबाद मार्ग पर शिव मंदिर के पास पहुंचने पर जहांगीराबाद की ओर से आ रहे बाइक सवार युवक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार उक्त महिला की मौके पर मौत हो गई। थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। इसी मामले में काहिरा ग्राम प्रधान जगवीर सिंह ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर औरंगाबाद ध्रुव भूषण दूबे ने बताया कि ग्राम प्रधान द्वारा दी तहरीर के आधार पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।