अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत
शिकारपुर। कोतवाली क्षेत्र में मेरठ-बदायूं स्टेट हाईवे पर बरौली गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार चार लोग घायल हो गये। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने एक को मृत घोषित कर दिया। जबकि तीन घायलों को हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। इनमें से एक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मामले में मृतक के भाई ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रविवार रात करीब 8.30 बजे पहासू थाना क्षेत्र के गांव भैयापुर निवासी देवपाल (48) पुत्र वीर सिंह अपनी बाइक से अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के गांव जीराजपुर निवासी धर्मेंद्र पुत्र हरी सिंह, सतवीर व भूपेंद्र पुत्रगण राजाराम के साथ कोतवाली क्षेत्र के गांव बरौली आया था। वापस लौटते समय मेरठ-बदायूं स्टेट हाईवे पर बरौली गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में चारों बाइक सवार गंभीर घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने देवपाल को मृत घोषित कर दिया। जबकि, तीन अन्य घायलों को हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। हायर मेडिकल सेंटर जाते समय सतवीर ने रास्ते में दम तोड़ दिया। बाकी दो अन्य घायलों को उपचार चल रहा है। एसएचओ उमेश पांडे ने बताया कि सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक वेदपाल के र्भाई रामकुमार की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।