महिला से तीन आरोपियों ने किया सामूहिक दुष्कर्म
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला के साथ ग्राम चावली के जंगल में तीन आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों में एक महिला का प्रेमी भी शामिल है। आरोप है कि प्रेमी ही महिला को घर से बुलाकर लाया था। पुलिस ने महिला का मेडिकल कराने के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को दी तहरीर में पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी मैनपुरी जिले के एक गांव निवासी युवक से हुई थी। उसका अपने पति से विवाद चल रहा है। जिस कारण वह अपने मायके में रह रही है। उसका एक गांव निवासी फरदीन नाम के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। 13 मार्च की शाम करीब सात बजे फरदीन महिला के घर गया और उसे घूमाने के लिए कहा, जिसके बाद फरदीन महिला को देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव चावली के जंगल में ले गया। आरोप है कि वहां पहले से ही फरदीन के दोस्त बिल्लू उर्फ गुन्नू उर्फ सिराजुदीन और तारिक बैठे हुए थे। महिला का आरोप है कि तीनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे चाकू से डराया और हत्या की धमकी दी। इसके बाद सभी आरोपी उसे छोड़कर भाग गए। पीड़िता की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी। देहात कोतवाली प्रभारी सुधीर कुमार त्यागी ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल कराने के बाद मंगलवार को धारा 164 के तहत बयान कराए जाएंगे। उसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।