मांगलिक कार्यों पर लगी रोक, जाने कब से होंगे दोबारा शुरू
बुलंदशहर। खरमास के चलते अब मांगलिक कार्यों पर रोक लग गई है। खरमास के बीच ही 25 मार्च से नवरात्र शुरू होगा। इसके बाद आगामी 14 अप्रैल से ही शादी-विवाह और मांगलिक कार्य शुरू होंगे।
पंडित नरेश शर्मा ने बताया कि शनिवार से खरमास की शुरूआत हो गई है। खरमास की शुरूआत धनु और मीन राशि में सूर्य के प्रवेश के चलते हुई है। अब ऐसे में आगामी एक माह तक लगने वाले खरमास के चलते मांगलिक कार्य, मुंडन, गृह प्रवेश, नए व्यवसाय, अनुष्ठान, वैवाहिक आयोजन और अन्य शुभ कार्य नहीं होंगे। नरेश शर्मा ने बताया कि खरमास के समय जातकों को सूर्यदेव और भगवान श्रीहरि की आराधना करनी चाहिए। खरमास आगामी 13 अप्रैल तक जारी रहेगा। ऐसे में अब मांगलिक कार्य आदि शुभ कार्य 14 अप्रैल से ही शुरू होंगे। खरमास के शुरू होने पर अप्रैल, मई और जून माह में शादी विवाह के अनेक शुभ मुहूर्त भी बनेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि खरमास के बीच ही 25 मार्च से नवरात्र की शुरूआत होगी। नवरात्र में मां का व्रत रखने वाले भक्तों पर माता रानी की कृपा भी बनेगी।