सीओ ऑफिस करेगा निलंबित दरोगा की जांच
बुलंदशहर। वारंटी को रिश्वत लेकर छोड़ने के आरोपी दरोगा की जांच सीओ ऑफिस को दे दी गई है। एसएसपी ने दारोगा को सस्पेंड करते हुए उनके खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम में मुकदमा दर्ज कराया था। एसएसपी ने सीओ को निर्देश दिए हैं कि रिकार्डिंग और दरोगा का वायस सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा जाए।
खुर्जा देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव बिचौला निवासी भूपेंद्र सिंह उर्फ विक्की के खिलाफ कानपुर की कोर्ट से वारंट जारी हुआ था। भूपेंद्र को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश करने के आदेश हुए थे। जिसके बाद तीन दिन पहले धराऊ चौकी इंचार्ज विजय कुमार राठी ने भूपेंद्र को हिरासत में ले लिया। आरोप है कि बाद में 15 हजार रुपये लेकर छोड़ दिया गया था। आरोप है कि विजय राठी ने दो लाख रुपये मांगे थे। भूपेंद्र के पिता ने इस मामले में एसएसपी से शिकायत की थी। जिसके बाद एसपी क्राइम ने जांच की और बाद में एसएसपी ने दारोगा पर कार्रवाई की।
एसएसपी को सुनाई थी रिकार्डिंग
भूपेंद्र के पिता ने एसएसपी से शिकायत करते हुए दारोगा की वह रिकॉर्डिंग भी सुनाई थी, जिसे मोबाइल पर बात करते हुए भूपेंद्र ने रिकॉर्ड किया हुआ था। दारोगा उसमें साफ तौर पर पैसा मांग रहे हैं।
इन रिकॉर्डिंग और दारोगा का वॉयस सैंपल को मिलान के लिए लैब में भेजा जाएगा। अगर जांच सहीं पाई गई तो संबंधित पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। - संतोष कुमार सिंह, एसएसपी