दहेज की खातिर विवाहिता पर जानलेवा हमला
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी विवाहिता को गुलावठी निवासी उसके ससुरालीजनों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर मौत के घाट उतारने और नंदोई द्वारा छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म की कोशिश किए जाने के मामले में पीड़िता ने एसएसपी से गुहार लगाई है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी विवाहिता ने एसएसपी को तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी करीब तीन वर्ष पूर्व गुलावठी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। लेकिन, आरोपी ससुरालीजन शादी में मिले दहेज से खुश नहीं थे। वह दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर पीड़िता का उत्पीड़न किया जा रहा था। आरोप है कि बीते दिनों पीड़िता के नंदोई ने उसे अकेला देखकर छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म की कोशिश की। पीड़िता के विरोध करने व शोर मचाने पर अन्य लोगों के आने पर आरोपी ने उसे छोड़ दिया। आरोप है कि ससुरालीजनों ने गत 12 फरवरी को पीड़िता के साथ मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या की कोशिश भी की। आरोपियों ने इसके बाद पीड़िता को मारपीट कर उसके मायके में छोड़ दिया। तभी से पीड़िता के परिजन ससुरालीजनाें की मान मनौव्वल कर रहे हैं। लेकिन, ससुरालीजन अपनी मांगो पर ही डटे हैं। एसएसपी ने पीड़िता को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।