वेव शुगर मिल को रिकवरी का नोटिस जारी करने की तैयारी
बुलंदशहर। किसानों का बकाया गन्ना भुगतान न करने वाले वेव शुगर मिल को आरसी जारी करने के बाद तहसील अफसर अब राशि की रिकवरी के लिए नोटिस देने की तैयारी कर रहे हैं। इसके बाद भी मिल भुगतान नहीं करती है तो आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बता दें कि वेव शुगर मिल पर किसानों को विगत वर्ष खरीदे गए गन्ने का अभी भी ब्याज आदि मिलाकर करीब 22 करोड़ का बकाया भुगतान चल रहा है। इस बार भी मिल ने अभी खरीदे गए गन्ने का किसी भी किसान को भुगतान नहीं किया है। पिछले दिनों गन्ना आयुक्त के आदेश पर मिल को बकाया भुगतान न करने पर आरसी जारी की गई थी। यह आरसी डीएम के आदेश पर जिला गन्ना अधिकारी की ओर से जारी हुई थी। साथ ही आगामी कार्रवाई की जिम्मेदारी तहसील अफसरों को सौंप दी थी। आरसी जारी होने के बाद भी अभी तक मिल ने बकाया गन्ना भुगतान नहीं किया है। ऐसे में अब तहसील अफसर बकाया गन्ना भुगतान राशि की रिकवरी के लिए मिल को नोटिस जारी करने की तैयारी में जुट गए हैं। बताया गया कि वेव चीनी मिल को तहसील अफसर नोटिस जारी करने की लगभग तैयारी कर चुके हैं। वहीं, दूसरी ओर मिल के पास करीब 60 करोड़ की चीनी का स्टॉक है। बावजूद इसके मिल इस चीनी को बेचकर अभी बकाया भुगतान करने के मूड में दिखाई नहीं दे रहा है। मिल अफसरों का कहना है कि जल्द ही किसानों का चल रहा बकाया गन्ना भुगतान किया जाएगा। इसके लिए तैयारी की जा रही है। उधर, जिला गन्ना अधिकारी डीके सैनी ने बताया कि मेरी तरह से मिल को आरसी जारी कर दी गई है। अब आगे की कार्रवाई तहसील स्तर के अफसरों द्वारा की जाएगी। इसके लिए तहसील अफसर अब मिल को नोटिस जारी करने की तैयारी में जुटे हैं।