कृषि विज्ञान केंद्र का जल्द बनेगा मौसम विभाग
बुलंदशहर। कृषि विज्ञान केंद्र का मौसम विभाग अब जल्द बनकर तैयार हो गया। इसके साथ ही मौसम की सटीक जानकारी भी सभी को आसानी से मिल सकेगी। इसके संचालन के लिए केंद्र में एक मौसम वैज्ञानिक की नियुक्ति हो चुकी है।
जनपद में अभी तक मौसम की सही जानकारी लेने के लिए मौसम विभाग नहीं है। मौसम की स्थिति का पता मेरठ से ही किया जाता है। पिछले दिनों शासन स्तर से कृषि विज्ञान केंद्र में मौसम विभाग की व्यवस्था करने के आदेश जारी किए गए थे। यह आदेश होने पर केंद्र के वैज्ञानिकों ने मौसम विभाग बनाने के लिए जमीन भी चिन्हित कर ली थी। अब केंद्र में एक मौसम वैज्ञानिक और एक आब्जर्वर की भी नियुक्ति हो गई है। अब मौसम विभाग जल्द बनकर तैयार हो जाएगा। इसे बनाने के लिए तैयारी तेज हो गई है। कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. शिव सिंह ने बताया कि मौसम विभाग जल्द बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बनने से मौसम की स्थिति का सही आंकलन होगा तो साथ ही इसका लाभ किसानों सहित जनपद की जनता को भी मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र की ओर से इसके संचालन के लिए तैयारी अंतिम चरण में हैं।