एयरफोर्स में नौकरी दिलाने के नाम पर दो लाख ठगे
जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव डूंगरा जाट निवासी एक व्यक्ति ने तीन लोगों पर उसके पुत्र की नौकरी एयर फोर्स में लगवाने के नाम पर दो लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। साथ ही रुपये वापस मांगने पर तीनों आरोपियों द्वारा अपहरण कर मारपीट करने का आरोप भी पीड़ित ने लगाया है। कोतवाली पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर तीनों आरोपियों खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव डूंगरा जाट निवासी सतीश पुत्र भूरा सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को एक शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने लगभग छह महीने पहले जून माह में उसके बेटे की नौकरी एयरफोर्स में लगवाने के नाम पर छह लाख रुपए की मांग की थी। कुछ दिन बाद छह जून को राजेंद्र अपने साथ अपने दो साथियों को लेकर सतीश के घर पहुंचा था। तीनों आरोपी युवकों ने उसे झांसे में लेकर नौकरी लगवाने के नाम पर दो लाख रुपए ले लिए। बाकि के चार लाख रुपये नौकरी लगने के बाद लेने की बात कहकर तीनों आरोपी वहां से चले गए। रुपये देने के छह महीने बाद भी नौकरी न लगने पर पीड़ित सतीश ने गांव निवासी राजेन्द्र से जब अपने रुपये वापस मांगे तो उसने रुपये देने से साफ इंकार कर दिया। आरोप है कि विगत 19 दिसंबर को जब पीड़ित किसी काम से जहांगीराबाद आया तो पहले से ही घात लगाकर बैठे ठगी करने वाले तीनों आरोपियों ने नगर के भईपुर दोराहे पर सतीश को रुपए देने की बात कहकर जबरन गाड़ी में बैठा लिया। तीनों आरोपियों ने भईपुर दोराहे पर एक भवन में ले जाकर ठगी के शिकार पीड़ित को तमंचों की बट से पीटा। पीड़ित ने शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया है कि शोर सुनकर एकत्रित हुए लोगों ने उसकी जान बचाई थी। वहीं घटना के मामले में कोतवाली पुलिस से शिकायत करने पर पुलिस ने पीड़ित की डॉक्टरी कराने के बाद बिना रिपोर्ट दर्ज किये ही बैरंग लौटा दिया। पीड़ित द्वारा मामले की शिकायत एसएसपी से कर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की गई है। वहीं, कोतवाली पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर राजेंद्र पुत्र लीला सिंह निवासी डूंगरा जाट, नरेंद्र पुत्र श्यौराज निवासी गहना गोवर्धनपुर व अजब सिंह उर्फ फौजी वर्मा निवासी जलालपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी विवेक शर्मा ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।