तीन तलाक देकर पति ने विवाहिता को घर से निकाला
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक विवाहिता को उसके ससुराल वालों ने अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित किया। पति ने उसके साथ मारपीट की और तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। पीड़ित को जान से मारने की भी धमकी दी गई। पीड़ित ने पति समेत चार ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नगर के सुशीला विहार द्वितीय निवासी महिला ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि कुछ माह पहले उसका निकाह दिल्ली के वेस्ट सागरपुर क्षेत्र निवासी आबिद पुत्र हाजी राज हुसैन के साथ हुआ था। निकाह में उसके परिजनों ने पर्याप्त दान-दहेज दिया था, लेकिन ससुराल वाले निकाह में मिले दहेज से खुश नहीं थे। वह अतिरिक्त दहेज के रूप में कार व नगदी की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर पीड़ित का उत्पीड़न किया जा रहा था। साथ ही उससे गाली-गलौच करते हुए मारपीट की जाने लगी। पति ने कई बार उससे मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि बीते दिनों पति ने उससे मारपीट कर तीन तलाक दे दिया और घर से निकाल दिया। नगर पुलिस ने पति आबिद समेत चार ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नगर कोतवाली प्रभारी अरुणा राय ने बताया कि मामले में जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।