शोभारानी फिर बनीं अगौता की ब्लाक प्रमुख
औरंगाबाद। अगौता ब्लाक प्रमुख पद के लिये बुधवार को हुए उपचुनाव में एक बार फिर शोभा रानी ने बाजी मारते हुए ब्लाक प्रमुख की कुर्सी पर अपना कब्जा जमा लिया। अपने प्रतिद्वंदी बीडीसी सदस्य राजकुमार को दस वोटों से हराकर शिकस्त दी। उपचुनाव जीतने के बाद शोभा रानी अपने समर्थकों के साथ प्रमाणपत्र लेने के लिये डीएम के यहां रवाना हो गई।
अगौता ब्लाक क्षेत्र के अंतर्गत 62 बीडीसी सदस्य आते हैं। गत तीन जून 2019 को पूर्व ब्लाक प्रमुख जय सिंह और राजकुमार बीडीसी सदस्य ने 40 से अधिक बीडीसी सदस्य होने का दावा करते हुए डीएम के समक्ष बीडीसी सदस्यों के शपथ पत्र सौंपे थे। मामले में डीएम ने ब्लाक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित करते हुए वोटिंग कराई थी।
जिसमें 62 बीडीसी सदस्यों में से 53 बीडीसी सदस्यों ने वोट डाले थे। जिसमें अविश्वास के पक्ष में 28 और ब्लाक प्रमुख शोभारानी के पक्ष में 24 वोट पड़े थे। तभी से ब्लाक प्रमुख का पद खाली चला आ रहा था। गांव पवसरा स्थित अगौता ब्लाक मुख्यालय पर बुधवार की दोपहर 11 बजे से तीन बजे तक ब्लाक प्रमुख पद के लिये मतदान हुआ। इस दौरान सभी 62 बीडीसी सदस्यों ने अपने मतों का प्रयोग किया। मतदान के बाद दोपहर तीन बजे से मत गणना शुरू हुई। एआरओ जिला कृषि सह रक्षा अधिकारी अमरपाल सिंह ने बताया कि शोभा रानी को 25 वोट मिली जबकि उनके प्रतिद्वंदी प्रत्याशी राजकुमार को 15 और पूर्व ब्लाक प्रमुख जय सिंह को 13 वोटें ही मिल सकी। जबकि नौ वोटें चुनाव में इसलिये निरस्त की गई थी कि उन बीडीसी सदस्यों ने तीनों के चुनाव चिन्हों के आगे मोहर लगा रखी थी। चुनाव जीतने के बाद शोभा रानी के समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया।