प्रदूषण फैलाने पर तीन फैक्टरियों पर लगा जुर्माना
बुलंदशहर। हवा में वायु प्रदूषण फैलाने पर सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र की तीन फैक्टरियों पर मंगलवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम द्वारा कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान मानकों का उल्लंघन किए जाने पर संबंधित फैक्ट्री संचालकों को नोटिस जारी कर एक लाख 93 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
जिला का वायु प्रदूषण लगातार खतरे के निशान पर बना रहता है। जिससे लोगों को कई बार परेशानी उठानी पड़ती है। इसके बाद भी औद्योगिक क्षेत्रों में संचालित फैक्ट्री संचालकों द्वारा एनजीटी द्वारा जारी मानकों का उल्लंघन किया जा रहा है। मानकों का उल्लंघन किए जाने पर मंगलवार को क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम द्वारा पुलिस बल के साथ सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र में छापेमारी की गई। इस दौरान टीम को निरीक्षण के दौरान मैसर्स श्री सांई इंटरप्राइजेज, मेसर्स सलोनी क्वायर और मैसर्स सनत प्रोडक्ट्स में वायु प्रदूषण होता पाया गया। तीनों फैक्ट्री संचालकों द्वारा प्रदूषण अधिनियमों का अनुपालन न किये जाने पर टीम द्वारा कार्रवाई की गई। साथ ही अन्य फैक्ट्री संचालकों को एनजीटी द्वारा जारी नियमों का पालन करने की चेतावनी दी।
तीनों फैक्ट्री पर लगाया 1.93 लाख का जुर्माना
विभाग द्वारा की गई छापेमारी के दौरान तीन फैक्ट्रियों पर 1.93 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। जेई संतोष कुमार ने बताया कि सनत आयुर्वेदिक दवा बनाती है, जबकि सालोनी क्वायर गद्दे और श्री सांई पुराने टायरों का तेल निकालती है। लापरवाही मिलने पर मेसर्स सनत प्रोडक्ट्स पर 50 हजार रुपये, मेसर्स सलोनी क्वायर पर 68 हजार 750 रुपये और मेसर्स श्री सांई इंटरप्राइजेज 75 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है। इस दौरान पुलिस फोर्स के साथ सहायक अभियंता अजय कुशवाहा, आशुतोष चौहान समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पूर्व में भी हो चुकी है कार्रवाई
क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम द्वारा सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र में की गई कार्रवाई का यह कोई पहला मामला नहीं है। दिवाली के बाद एक्यूआई बढ़ने पर एनजीटी के निर्देश मिलने पर धुंआ उगलने वाली फैक्ट्रियों के संचालन पर रोक लगा दी गई थी। रोक के बावजूद भी फैक्ट्रियों का संचालन करने पर विभाग की टीम द्वारा छापेमार कार्रवाई की गई और एनजीटी के नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित पर कार्रवाई की गई। अफसरों का कहना है कि किसी भी फैक्ट्री में प्रदूषण होता मिलेगा तो कार्रवाई की जाएगी।
एनजीटी का उल्लंघन किए जाने पर टीम के साथ सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र में तीन फैक्ट्रियों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान तीनों फक्ट्रियों पर एक लाख 93 हजार 750 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। नियमों का उल्लंघन नहीं करने दिया जाएगा। - ई. जीएस श्रीवास्तव, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अधिकारी