बाइक चोरी में आईटीआई छात्र सहित सात दबोचे
बुलंदशहर। डिबाई थाना पुलिस ने आईटीआई छात्र समेत सात बदमाशों को पकड़कर अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पकड़े गए बदमाश हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश आदि राज्यों में बाइक चोरी करते थे। डिबाई में मिस्त्री से कटवाकर बाइकों के पार्ट्स बेच देते थे। पुलिस ने उनके पास से 10 बाइक बरामद की है।
एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि डिबाई थाना प्रभारी अखिलेश कुमार गौड़ सोमवार शाम टीम के साथ किड्डा का नंगला तिराहे के पास चेकिंग कर रहे थे। उसी समय छह युवक तीन बाइक पर आते हुए दिखाई दिए। इस दौरान बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पहले से ही सतर्क पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। जांच करने पर पता चला कि तीनों बाइक चोरी की हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह बाइक चोरी करके डिबाई में बाइक मिस्त्री अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के मुरादपुरा निवासी टिंकू को बेच देते हैं। पूछताछ में पता चला कि डिबाई के एक कॉलेज से आईटीआई कर रहा छात्र मोहम्मदपुर खुर्द निवासी अजय बाइक चोरी करके लाता था। अजय ने बताया कि वह बाइक चोरी के धंधे में कई महीनों से है। आईटीआई छात्र होने के कारण उसे बाइक के इंजन और अन्य पार्ट्स की अच्छी जानकारी है। इसलिए वह बाइक की किसी भी चाबी से कुछ ही सेकेंड में लॉक खोल देता है। वह बैंक, गेस्ट हाउस के सामने से बाइक चोरी करता था। पकड़े गए बदमाशों की पहचान डिबाई थाना क्षेत्र के शहीदगंज निवासी सुभाष, छतारी के मोहम्मदपुर खुर्द निवासी अजय, अजीत उर्फ मुक्की, अहदगढ़ के मुरादपुर निवासी टिंकू, डिबाई के चौगानपुर निवासी नरेश, रवि और देशराज के रूप में की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है।