पावर कॉरपोरेशन के अफसर-कर्मियों की छुट्टियां रद्द
बुलंदशहर। पश्चिमांचल के एमडी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने अफसर और कर्मचारियों की मार्च तक छुट्टियां रद कर दी हैं। आसान किस्त योजना के पंजीकरण और राजस्व वसूली के लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इसी के चलते यह निर्णय लिया गया है। एमडी ने स्पष्ट चेतावनी दी है, कि यदि कोई लापरवाही बरतता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जनपद में पावर कॉरपोरेशन का करोड़ों रुपये का बकाया चल रहा है। अफसरों की तमाम कोशिशों के बाद भी वसूली नहीं हो पा रही है। राजस्व वसूली में अफसर काफी पिछड़ रहे हैं। वहीं फाइनेंशियल साल का आखिरी माह बचा है। अब एमडी ने राजस्व वसूली के लक्ष्य की पूर्ति और आसान किस्त योजना के अधिक से अधिक रजिस्ट्रेशन के लिए कर्मचारियों से लेकर चीफ इंजीनियर स्तर तक की 31 मार्च तक छुटिटयां रदद कर दी हैं। इस बीच विभिन्न परिस्थितियों में अधिकारियों से अनुमति के बाद ही छुटटी मिल सकेगी। इतना ही नहीं सरकारी अवकाश के दिन भी बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। हर हाल में राजस्व वसूली के लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिये हैं। यदि कोई लापरवाही बरतेगा तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। चीफ इंजीनियर आरपीएस तोमर ने बताया कि आदेश मिल गए हैं। अभियान चलाकर राजस्व वसूली की जा रही है।