वन विभाग की टीम ने ट्रक में ले जाया जा रहा हाथी पकड़ा
गुलावठी। वन विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को गुलावठी में जीटी रोड पर बिजनौर से एक ट्रक में बुलंदशहर लाए जा रहे एक हाथी को पकड़ा। वन विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई हैं। ट्रक में मौजूद लोगों का कहना था कि उक्त हाथी सर्कस का है तथा वह हाथी को बुलंदशहर के एक गांव ले जा रहे हैं।
क्षेत्रीय वन अधिकारी तेज बहादुर सिंह चौहान ने बताया कि मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि एक ट्रक में एक हाथी को ले जाया जा रहा है। इस सूचना वह टीम के साथ जीटी रोड पर पहुंचे तथा उन्होंने ट्रक को रुकवा लिया, ट्रक में हाथी सवार था। वन विभाग की टीम ट्रक व हाथी को वन विभाग के कार्यालय परिसर में ले आई। तेज बहादुर सिंह चौहान ने बताया कि ट्रक में सवार लोगों ने उन्हें बताया कि वह हाथी को बिजनौर से ला रहे हैं तथा उक्त हाथी सर्कस का है। वह इसे बुलंदशहर के एक गांव ले जा रहे हैं। वन अधिकारी के अनुसार उन्होंने ट्रक में सवार लोगों से हाथी के संबंध में आवश्यक कागजात मांगे, परंतु वह उचित दस्तावेज मौके पर नहीं दिखा सके। वन अधिकारी ने हाथी के साथ मौजूद लोगों के बयान भी रिकॉर्ड किए। सूचना पर वन विभाग के एसडीओ गौतम सिंह मौके पर पहुंचे तथा क्षेत्रीय वन अधिकारी से उन्होंने घटना की जानकारी ली। ट्रक व हाथी वन विभाग के कब्जे में है। क्षेत्रीय वन अधिकारी का कहना है कि हाथी के संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। देर रात तक ट्रक में सवार लोग उचित दस्तावेज नहीं दिखाए जा सके हैं। टीम में क्षेत्रीय वन अधिकारी तेज बहादुर सिंह चौहान के अलावा भीष्म सिंह, रामवीर सिंह शामिल रहे।