कंपनी के 23 लाख रुपये हड़प कर साथियों संग भागा मैनेजर
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक कंपनी के 23 लाख रुपये लेकर कंपनी मैनेजर ही अपने साथियों के साथ हड़प कर फरार हो गया। अब आरोपियों द्वारा कंपनी के अन्य कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। मामले में मैनेजर समेत चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच पड़ताल में जुट गई है।
नगर कोतवाली में एमएसएम लॉजिस्ट सोल्यूशन कंपनी के मालिक पवन कुमार ने तहरीर देकर बताया कि उनकी कंपनी में जहांगीराबाद के गांव नार मोहम्मदपुर निवासी दुष्यंत चौधरी पुत्र मलखान सिंह बतौर मैनेजर डिलीवरी हब में काम करता था। आरोप है कि मैनेजर दुष्यंत चौधरी ने कंपनी के 23.50 लाख रुपये नगद चोरी कर लिए और अपने साथियों कृष्ण पुत्र कटार सिंह, अनुज पुत्र सोनू, सुमित पुत्र कर्मवीर सिंह, जो उसी गांव के निवासी है, के साथ अन्य सात लाख रुपये का गबन कर गत 24 जनवरी से फरार है। पीड़ित के अनुसार उन्होंने 3 फरवरी को घटना की सूचना नगर पुलिस को लिखित में दे दी थी। आरोपी दुष्यंत और उसके साथी गांव में ही घूम रहे हैं और उनके द्वारा संपर्क करने का प्रयास करने पर धमकी दी जा रही है। फोन पर कंपनी के स्टाफ को भी जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित कंपनी मालिक ने नगर पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। नगर कोतवाली प्रभारी अरुणा राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।