अब परिषदीय स्कूलों में चौकीदारों की होगी तैनाती
बुलंदशहर। अब परिषदीय स्कूलों में भी निजी स्कूलों की तर्ज पर सुरक्षा के लिए चौकीदारों की तैनाती की जाएगी। शासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चौकीदारों की तैनाती के लिए आदेश जारी कर दिए हैं। जो आउट सोर्सिंग और विद्यालय प्रबंध समिति द्वारा नियुक्त किए जाएंगे। शासन के आदेश पर विभागीय अफसरों ने तैयारियां शुरू कर दी है।
जिले में प्राथमिक और उच्च माध्यमिक के करीब 2399 विद्यालय संचालित हो रहे हैं। इनमें सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई इंतजाम न होने से चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है। जिसको लेकर शासन काफी गंभीर है और बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विद्यालयों में चौकीदारों की तैनाती दिए जाने की योजना बनाई है। साथ ही प्रत्येक विद्यालय में एक-एक चौकीदार को चार हजार रूपये मानदेय पर रखने के निर्देश दिए हैं। जिससे परिषदीय स्कूलों में निजी स्कूलों की तरह सुरक्षा व्यवस्था हो सके। शिक्षा महानिदेशक विजय किरन आनंद द्वारा जारी किए गए पत्र के अनुसार प्राथमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों की परिसंपत्तियों की सुरक्षा तथा परिसर की सफाई के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। इसकी वजह से विद्यालयों की संपत्तियों की सुरक्षा नहीं हो पाती है और विद्यालयों की संपत्तियों को काफी नुकसान पहुंच रहा है। इस पर रोक लगाने के लिए चौकीदार/अनुचर की तैनाती की जाए। इसके लिए कक्षा पांच उत्तीर्ण कोई भी आवेदन कर सकता है। इस योजना के तहत विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों के अभिभावकों को वरीयता दी जाएगी। साथ ही संबंधित विद्यालय में आरक्षण श्रेणी प्रधान के आरक्षण श्रेणी के समान होगी। चौकीदारों के मानदेय का भुगतान राज्य सरकार के बेसिक शिक्षा विभाग हेतु निर्धारित बजट से किया जाएगा।
दो विकल्पों के आधार पर होगी नियुक्ति
परिषदीय विद्यालयों में चौकीदारों की तैनाती के लिए शासन ने दो विकल्प दिए हैं। जिसमें पहला विकल्प चौकीदारों की तैनाती आउट सोर्सिंग के जरिए बीएसए के माध्यम से की जाएगी। एक विद्यालय से अधिकतम पांच आवेदन लिए जाएंगे। इसके बाद कमेटी चयन करेगी। दूसरा विकल्प विद्यालय की प्रबंध समिति द्वारा संबंधित गांव के पांच अर्ह आवेदकों से आवेदन लिए जाएंगे। जांच के बाद उनका अनुमोदन बेसिक शिक्षा सचिव द्वारा किया जाएगा।
वित्तीय वर्ष में हो सकती है नियुक्ति
विभागीय अफसरों की मानें तो महानिदेशक ने शीघ्र नियुक्ति करने के निर्देश दिए हैं। जिससे संभावना जताई जा रही है कि वित्तीय वर्ष के शुरू होते ही परिषदीय विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चौकीदार तैनात कर दिए जाएंगे।
कोट
परिषदीय विद्यालयों में चौकीदारों को तैनाती देने का निर्देश प्राप्त हो चुका है। जल्द ही जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों में चौकीदारों को नियुक्ति देने के लिए आवेदन लेने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। चौकीदारों को गाइड लाइन के अनुसार ही नियुक्ति दी जाएगी। - अखंड प्रताप सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी