वेव शुगर मिल में धरने के दौरान भिड़े किसान, जमकर हुई नोक-झोंक
बुलंदशहर। वेव शुगर मिल में भुगतान की मांग को लेकर चल रहा धरना-प्रदर्शन शनिवार को किसानों के बीच टकराव में बदल गया। भाकियू भानू गुट का चीनी मिल में आए कुछ किसानों से विवाद हो गया और मारपीट तक नौबत आ गई। मिल अफसरों ने किसी तरह दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत किया। सूचना मिलते ही एसडीएम सदर और डीसीओ मौके पर पहुंच गए। जल्द भुगतान के आश्वासन के बाद किसानों ने अब धरना स्थगित कर दिया है।
पन्नी नगर की वेव शुगर मिल में पिछले पेराई सत्र के गन्ना भुगतान को लेकर भाकियू भानू का कई दिन से धरना प्रदर्शन चल रहा है। शनिवार को भी भाकियू भानू के मंडल सचिव प्रशांत शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ता धरना दे रहे थे। बताया गया कि गन्ना भुगतान की मांग को लेकर कुछ और अन्य किसान चीनी मिल में पहले से मौजूद थे। जिसके बाद दोनों पक्षों की तरफ से भुगतान को लेकर नोक-झोंक होने लगी और मारपीट तक नौबत आ गई। धरना स्थल पर हंगामा होते देख मिल अफसर भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने किसी तरह दोनों पक्षों के किसानों को समझा बुझाकर शांत कर दिया। सचिव प्रशांत शर्मा ने कहा कि वेव शुगर मिल किसानों का गन्ना भुगतान न करके उनका आर्थिक शोषण कर रही है। यदि किसानों का गन्ना भुगतान फरवरी माह तक नहीं किया जाता है तो चीनी मिल पर पूरी तरह से कब्जा कर लिया जाएगा। वही, किसानों के बीच नोक-झोंक की सूचना मिलते ही एसडीएम सदर सदानंद गुप्ता व डीसीओ डीके सैनी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने मंडल सचिव से वार्ता की। काफी समझाने के बाद किसानों ने अपना धरना स्थगित किया। भाकियू भानू के जिलाध्यक्ष निशांत चौधरी ने कहा कि किसान अब वेव शुगर मिल अफसरों से आरपार की लड़ाई लड़ेगा इसके लिए चाहे कितना भी लंबा संघर्ष क्यों न करना पड़े। भाकियू भानू के वरिष्ठ राष्ट्रीय महासचिव धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि कुछ किसान वहां पर विरोध कर रहे थे। जिसके चलते धरने में थोड़ी अव्यवस्था हुई। किसानों के भुगतान के लिए मिल को कुछ समय दिया गया है।