गंगा यात्रा के पोस्टर में बदला मंत्री का चेहरा, फोटो वायरल
अनूपशहर। जनपद से गंगा यात्रा बीते दिनों सकुशल निकल गई, लेकिन उसके पीछे बवाल शुरू हो गया। यात्रा के दौरान लगाए गए एक पोस्टर पर जल शक्ति मंत्री के स्थान पर किसी अन्य का चेहरा लगा दिया गया। फोटो वायरल होने पर प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा हुआ है। अफसराें के अनुसार यह किसी शरारती तत्व की करतूत है।
जिला प्रशासन और भाजपा के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने गत 28 जनवरी को निकाली गई गंगा यात्रा की तैयारी में पूरी मेहनत की थी। यात्रा स्याना से होते हुए अनूपशहर पहुंची थी। वहां पर उनके स्वागत के लिए स्कूली बच्चे तो थे ही इसके अलावा जगह-जगह गंगा यात्रा के स्वागत के लिए होर्डिंग और पोस्टर लगवाए गए थे। गंगा यात्रा के कई दिन बाद सोशल मीडिया पर अनूपशहर में लगे एक पोस्टर की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। इस पोस्टर में पीएम मोदी और सीएम योगी के बीच में कैबिनेट मंत्री जल शक्ति डा. महेंद्र सिंह का फोटो लगाया जाना था। लेकिन, होर्डिंग-पोस्टर में मंत्री के स्थान पर चेहरा किसी अन्य का लगा दिया गया। जबकि, नाम मंत्री का ही लिखा गया था। सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने से जिला प्रशासनिक अफसरों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, अफसरों और नगर पालिका चेयरमैन का कहना है कि गलत फोटो वाले पोस्टर कहीं लगाए नहीं गए थे। यह किसी ने द्वेषवश वायरल किया है।
प्रिंटिंग प्रेस वाले की गलती से फोटो किसी अन्य व्यक्ति का लग गया था। संज्ञान में आते ही सही फोटो वाले बैनर को ही लगाया गया था। किसी ने बदनियती से फोटो वायरल किए हैं।
- बृजेश शर्मा, चेयरमैन अनूपशहर नगर पालिका