चीन से लौटे छह लोगों पर स्वास्थ्य विभाग की नजर
बुलंदशहर। चीन में कोरोना वायरस फैलने के बाद जिले में प्रशासनिक अफसरों के साथ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अलर्ट हो गए हैं। चीन से आने वाले लोगों पर बराबर नजर रखी जा रही है। केंद्र सरकार से मिली सूची में 17 नामों में से छह लोगों की पहचान कर चिकित्सीय निगरानी में उन्हीं के घरों में रखा गया है। अभी तक किसी में कोरोना का लक्षण न मिलने पर आगामी 14 दिनों तक घर से बाहर न जाने के निर्देश दिए हैं। छह लोगों को छोड़कर अन्य लोग आगरा और नोएडा, गुड़गांव के बताए जा रहे हैं। जिले में लौटने वालों में दो मेडिकल के छात्र और दो व्यापारी भी हैं। वहीं, किसी भी नागरिक के वुहान से आवाजाही न होने पर सभी ने राहत की सांस ली है।
कोरोना वायरस ने जहां चीन में हाहाकार मचा दिया है। वहीं, देश में भी हड़कंप मचा हुआ है। देशभर के कई लोगों के साथ जिले के कई लोगों की चीन में आवाजाही रहती है। इसे देखते हुए एहतियात के तौर पर अफसरों को पूर्व में ही शासन द्वारा अलर्ट जारी कर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए थे। वहीं, गत सप्ताह केंद्र सरकार द्वारा जिलाधिकारी, एसएसपी और सीएमओ को चीन से 17 लोगों के जनपद आगमन की सूची भेजी गई। शासन के निर्देश पर एयरपोर्ट पर जांच होने के बाद बुलंदशहर में भी स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा सभी का परीक्षण किया गया। अफसरों ने दावा किया है कि चीन से आए लोगों में कोरोना वायरस के लक्षण नहीं मिले हैं।
चीन से जिले में आने वाले छह लोगों की अभी तक पहचान हुई है। यह सभी लोग अलग-अलग क्षेत्र के है और निजी काम व व्यापार के सिलसिले में चीन गए थे। संबंधित व्यक्तियों के घर टीम को भेजकर जांच कराई जा चुकी है। जांच में अभी सब लोग सामान्य मिले हैं। हालांकि 15 दिन तक सभी के स्वास्थ्य पर नजर रखी जाएगी।
- डॉ. केएन तिवारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी