सर्विस बुक में बैड एंट्री के कारण चार्ज से हटाए गए दो कोतवाल
बुलंदशहर। सर्विस बुक में बैड एंट्री दर्ज होने पर जनपद के दो थाना प्रभारियों को एसएसपी ने उनके चार्ज से हटा दिया। फिलहाल दोनों के स्थानों पर कोई तैनाती नहीं की गई है। दोनों थानों का चार्ज अभी कार्यवाहक प्रभारी देख रहे हैं।
गौरतलब है कि डीजीपी ने पुलिस की कार्य प्रणाली में सुधारने के लिए सर्विस बुक मेें बैड एंट्री दर्ज होने पर किसी भी इंस्पेक्टर या दारोगा को चार्ज नहीं देने के आदेश दिए थे। जानकारी के अनुसार सिकंदराबाद कोतवाली प्रभारी सुनील कुमार सिंह के पूर्व में नोएडा में तैनाती के दौरान किसी कार्य को लेकर जांच चल रही थी। जांच के दौरान उनकी लापरवाही सामने आने पर उनकी सर्विस बुक में बैड एंट्री दर्ज कर दी गई। वहीं, कोतवाली प्रभारी शिकारपुर उदय प्रताप सिंह की पूर्व में मथुरा जनपद में तैनाती के दौरान किसी मामले में जांच के दौरान लापरवाही मिलने पर उनकी भी सर्विस बुक में बैड एंट्री दर्ज की गई है। सर्विस बुक में बैड एंट्री दर्ज होने पर एसएसपी ने दोनों कोतवाली के प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से चार्ज से हटा दिया है। फिलहाल सिकंदराबाद में कार्यवाहक प्रभारी के तौर पर इंस्पेक्टर सूरज सिंह और शिकारपुर में एसएसआई शौकेंद्र सिंह को नियुक्त किया है।
सिकंदराबाद और शिकारपुर कोतवाली प्रभारियों को उनके सर्विस बुक में बैड एंट्री दर्ज होने पर चार्ज से हटा कर लाइन में भेज दिया गया है। फिलहाल कार्यवाहक प्रभारी दोनों थानों की जिम्मेदारी संभल रहे हैं। - संतोष कुमार सिंह, एसएसपी