यूपी में कचहरी परिसर में पत्नी को दिया तीन तलाक
बुलंदशहर। अहार थाना क्षेत्र निवासी एक विवाहिता को कचहरी परिसर में बीते दिनों उसके पति ने तीन तलाक बोलकर तलाक दे दिया था। पीड़िता ने अब मामले में नगर कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
अहार थाना क्षेत्र निवासी रेशमा पुत्री मोहब्बत ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका निकाह अगौता थाना क्षेत्र के गांव बागवाल निवासी युवक आसिफ के साथ हुआ था। निकाह में मायके पक्ष ने हैसियत से अधिक दान दहेज दिया था। लेकिन, आरोपी ससुरालीजन शादी में मिले दहेज से खुश नहीं थे। वह अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर पीड़िता को मारपीट कर आरोपियों ने घर से निकाल दिया था। यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। पीड़िता ने बताया कि गत सात जनवरी को वह तारीख पर जिला न्यायालय आई थी। इस दौरान आरोपी पति आसिफ व उसका एक अन्य साथी भी तारीख पर आया था। आरोपियों ने इस दौरान कचहरी में ही पीड़िता को पकड़ लिया और उसके साथ अभद्रता करनी शुरू कर दी थी। पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने हाथापाई की और तीन तलाक बोलकर तलाक देकर चला गया। नगर कोतवाल अरुणा राय ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को भी दबोच लिया जाएगा।