यूपी : मनरेगा में भेजे गए फंड की अब होगी जांच
बुलंदशहर। शासन द्वारा मेरठ मंडल मनरेगा लोकपाल को जिले में तैनाती दी गई है। मनरेगा लोकपाल अंशु त्यागी ने चार्ज संभलते ही मनरेगा श्रमिकों के हालातों पर चिंता व्यक्त करते हुए मनरेगा में भेजे गए फंड की जांच करने की बात कही। साथ ही जिले में मनरेगा में हुए भ्रष्टाचार की जांच कर गबन का मामला निकलने पर संबंधित पर एफआईआर दर्ज करवाने के साथ रिकवरी करने की बात कही। वहीं, मनरेगा संबंधी शिकायतों का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया।
शासन के निर्देश पर ग्राम्य विकास सचिवालय द्वारा अंशु त्यागी को मेरठ मंडल का लोकपाल नियुक्त किया। जो तीन माह पूर्व जिले में आ चुकी थी, लेकिन शुक्रवार को विकास भवन में आकर चार्ज संभाला। मनरेगा लोकपाल अंशु त्यागी ने बताया कि शासन द्वारा मनरेगा के लिए जो भी फंड भेजा गया है उसकी जांच की जाएगी। साथ ही कार्यों का भी निरीक्षण किया जाएगा। बताया कि मनरेगा में मात्र 15 फीसदी श्रमिकों को काम दिए जाने की भी शिकायतें मिली है, जिनकी जांच कराई जाएगी। साथ ही जिन श्रमिकों द्वारा कार्य किए जाने के बाद भी पूर्ण भुगतान नहीं मिला है इसकी भी जांच की जाएगी। जिन श्रमिकों को जॉब कार्ड वितरित नहीं किए है और काम नहीं दिया जा रहा, मस्टर रोल गायब है आदि की भी जांच की जाएगी। इसके अलावा श्रमिकों की शिकायत सुनने और उनका समाधान करने के लिए शिकायत पेटिका लगवा दी गई है। इसके अलावा मनरेगा संबंधी अन्य शिकायत 9027731803 पर भी कर सकते हैं।