यूपी टीईटी : 16 हजार अभ्यर्थी हुए शामिल
बुलंदशहर। जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर बुधवार को शिक्षक पात्रता परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हो गई। दोनों पालियों में कुल पंजीकृत 17,630 में से 1404 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिले के सभी केंद्रों में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात रहा, इस दौरान डीएम और एसएसपी ने कई केंद्रों पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। परीक्षा संपन्न होने के बाद ओएमआर सीट कड़ी सुरक्षा के बीच कोषागार में जमा कराई गई।
नगर के राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, एफबीएम कन्या इंटर कॉलेज, डीएवी पीजी कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, जेपी जनता इंटर कॉलेज, मुस्लिम इंटर कॉलेज, ऑल सेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, संतोष इंटरनेशनल स्कूल, खालसा मांटेसरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, केंद्रीय विद्यालय बुलंदशहर और ललता प्रसाद सरस्वती बालिका विद्या मंदिर को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। साथ ही सिकंदराबाद में एसएस इंटर कॉलेज, अग्रसेन इंटर कॉलेज व शिव मंदिर छुट्टन लाल काका गर्ल्स पीजी कॉलेज को तो खुर्जा में एसएमजेईसी इंटर कॉलेज, जेएएस इंटर कॉलेज गांधी रोड व आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। पहली पारी सुबह 10 बजे से दोपहर 12.30 तक चली जो प्राथमिक स्तर की थी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों का जमावड़ा लगा रहा। इस दौरान केंद्रों पर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात रहा। परीक्षा केंद्र के गेट पर प्रवेश पत्र के साथ ही बीएड या बीटीसी के प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां, आईडी की मूल प्रति होने पर ही एंट्री दी गई। पहली पारी में कुल 10,503 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 9,682 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 821 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। दूसरी पाली दोपहर 2.30 बजे से पांच बजे तक चली, जो उच्च प्राथमिक के लिए रही। इसके लिए जनपद में 7,127 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 6,544 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 583 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
शिक्षक पात्रता की परीक्षा जिले के सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण संपन्न हुई है। दोनों पालियों में 1404 अभ्यर्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान प्रशासनिक अफसर और सचल दल द्वारा निरीक्षण किया गया। किसी भी सेंटर पर परीक्षा को लेकर कोई शिकायत नहीं मिली है। - आरके तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक